1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. राहत सामग्री ले जा रहा प्लेन तालाब में हुआ क्रैश, 2 लोगों की मौत, जानें चश्मदीदों ने क्या कहा

राहत सामग्री ले जा रहा प्लेन तालाब में हुआ क्रैश, 2 लोगों की मौत, जानें चश्मदीदों ने क्या कहा

 Published : Nov 11, 2025 07:54 am IST,  Updated : Nov 11, 2025 07:54 am IST

अमेरिका के फ्लोरिडा में स्थित कोरल स्प्रिंग्स में एक टर्बोप्रॉप प्लेन क्रैश हुआ है, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। यह विमान जमैका में तूफान मेलिसा के पीड़ितों के लिए राहत सामग्री ले जा रहा था।

Florida plane crash, Coral Springs plane crash, turbo-prop plane- India TV Hindi
पुलिस और एविएशन अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में स्थित कोरल स्प्रिंग्स इलाके में सोमवार सुबह एक छोटा टर्बोप्रॉप प्लेन क्रैश हो गया। यह विमान जमैका में आए तूफान मेलिसा के पीड़ितों के लिए राहत सामान लेकर जा रहा था। इस विमान हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। विमान एक गेटेड कॉलोनी के तालाब में गिरा और राहत की बात ये रही कि सारे घर बाल-बाल बच गए। कोरल स्प्रिंग्स पुलिस ने दोपहर में बयान जारी कर 2 लोगों की की मौत की पुष्टि की। अभी तक मरने वालों के नाम या दूसरी जानकारी सामने नहीं आई है।

टेक-ऑफ के 5 मिनट के अंदर ही हादसा

फोर्ट लॉडर्डेल एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट से सुबह करीब 10:14 बजे उड़ा यह बीचक्राफ्ट किंग एयर विमान सिर्फ 5 मिनट बाद 10:19 बजे क्रैश हो गया। कोरल स्प्रिंग्स-पार्कलैंड फायर डिपार्टमेंट के डिप्टी चीफ माइक मोसर ने बताया, 'रिपोर्ट मिलते ही टीमें पहुंचीं। पहले तो कोई शव नहीं मिला, इसलिए सर्च को रिकवरी ऑपरेशन में बदल दिया गया।' तालाब में विमान का कोई हिस्सा नजर नहीं आया, सिर्फ मलबा बिखरा हुआ था। गोताखोरों ने पानी में तलाशी ली, लेकिन शुरू में कुछ नहीं मिला। हादसे में एक घर की पिछली दीवार टूट गई थी और पेड़ उखड़ गए थे।

घर में मौजूद पति-पत्नी बाल-बाल बचे

स्थानीय निवासी केनेथ डीट्रोलियो ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'हम घर में थे तभी अजीब सी आवाज आई, जैसे कुछ बहुत तेज गुजरा हो। विमान हमारे और पड़ोसी के घर के बीच से निकला, और पिछवाड़े की फेंस तोड़कर तालाब में जा गिरा। पूल और पोर्च पर फ्यूल फैल गया था। घर में तेज बदबू थी, और इसे सामान्य होने में कई घंटे लग गए। पुलिस ने इलाके में सोमवार-मंगलवार को जांच जारी रखने की बात कही है। फेडरल एविएशन अधिकारियों ने भी हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।

करीब 50 साल पुराना था विमान

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के रिकॉर्ड के मुताबिक यह विमान 1976 में बना था। किंग एयर मॉडल में 7 से 12 लोग बैठ सकते हैं। इस विमान के मालिक के तौर पर इंटरनेशनल एयर सर्विसेज का नाम दर्ज है, जो विदेशी नागरिकों को अमेरिकी रजिस्ट्रेशन देने का काम करती है। कंपनी ने फोन पर सिर्फ 'नो कमेंट' कहा और बात खत्म कर दी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, पिछले हफ्ते यह विमान केमन आइलैंड्स, मोंटेगो बे और नेग्रिल (जमैका) के बीच 4 बार उड़ा था। शुक्रवार को फोर्ट लॉडर्डेल पहुंचा था। राहत मिशन किसने आयोजित किया, यह अभी साफ नहीं है।

तूफान मेलिसा ने मचाई थी भारी तबाही

28 अक्टूबर को कैटेगरी-5 तूफान मेलिसा ने जमैका में दस्तक दी थी। इतिहास के सबसे खतरनाक तूफानों में शुमार यह तूफान क्यूबा, हैती और डोमिनिकन रिपब्लिक को भी तबाह करते हुए गुजरा था। जमैका में तूफान की वजह से 1 लाख 20 हजार घरों की छतें उड़ गईं, जबकि 90 हजार परिवार बेघर हो गए। एक हफ्ते बाद भी 2 हजार से ज्यादा लोग शेल्टर में रहने को मजबूर हैं। ब्रोवार्ड काउंटी में बड़ी कैरेबियन अमेरिकी आबादी रहती है। तूफान के बाद लोग राहत सामान जुटाने में जुट गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश