1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. यूक्रेन में आर्थिक सुधार को लेकर अमेरिका ने कसी कमर, इस भारतीय-अमेरिकी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

यूक्रेन में आर्थिक सुधार को लेकर अमेरिका ने कसी कमर, इस भारतीय-अमेरिकी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Aug 15, 2024 11:06 am IST,  Updated : Aug 15, 2024 11:06 am IST

यूक्रेन को लेकर अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया गया है। यूक्रेन के पुनर्निर्माण में मदद करने के लिए अमेरिका की तरफ से पूरी सहायता दी जा रही है। इसे लेकर अब भारतीय-अमेरिकी रिचर्ड वर्मा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Richard Verma- India TV Hindi
Richard Verma Image Source : RICHARD VERMA (X)

वाशिंगटन: भारतीय-अमेरिकी रिचर्ड वर्मा को युद्धग्रस्त देश यूक्रेन के पुनर्निर्माण में मदद करने का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वर्मा अमेरिका के प्रबंधन एवं संसाधन मामलों के उप विदेश मंत्री हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने उन्हें उनके वर्तमान पद के अलावा यूक्रेन के आर्थिक सुधार के लिए अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि के रूप में नामित किया है। वर्मा भारत में अमेरिका के पूर्व राजदूत भी रह चुके हैं। विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं को बताया, ‘‘ संसाधन एवं प्रबंधन मामलों के उप विदेश मंत्री रिचर्ड वर्मा उस कार्य को आगे बढ़ाएंगे जिसे विशेष दूत पेनी प्रिट्जकर ने हमारे यूक्रेनी साझेदारों से संबंधित पुनर्निर्माण और आर्थिक मुद्दों के संबंध में शुरू किया है।’’ 

अमेरिका ने की सैन्य मदद

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका ने उसे अतिरिक्त 12.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर के हथियार भेजने का फैसला किया है। हाल ही में व्हाइट हाउस की तरफ से कहा गया था कि यूक्रेन को भेजी जा रही अतिरिक्त सैन्य सहायता में अति आवश्यक वायु रक्षा प्रणालियां, टैंक रोधी हथियार और दुश्मन की तरफ से दागे गए गोलों का पता लगाने, उन्हें नष्ट करने में मदद करने वाले राडार शामिल हैं। 

कितनी मदद कर चुका है अमेरिका?

इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा था कि रूस के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के लिए यूक्रेन अमेरिका की तरफ से उपलब्ध कराए गए हथियारों का इस्तेमाल बाइडेन प्रशासन की नीतियों के अनुरूप ही कर रहा है। बाइडेन प्रशासन ने यूक्रेन को सीमावर्ती क्षेत्रों में रूस के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में इन हथियारों का इस्तेमाल करने की इजाजत दी है, लेकिन वह देश के भीतरी हिस्सों में स्थित लक्ष्यों को इन हथियारों से निशाना नहीं बना सकता है। अमेरिका फरवरी 2022 से कीव को अब तक कुल 55.6 अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता मुहैया करा चुका है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, बोले 'भारत के साथ हैं मजबूत संबंध'

पाकिस्तान में शख्स ने खुद को घोषित कर दिया 'पैगंबर', जानिए फिर क्या हुआ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश