1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. समुद्र में डूबे जहाज़ के मलबे से मिले सड़े-फटे पैंट, नीलामी में बिके इतने महंगे कि उतने में आ जाए लग्जरी घर

समुद्र में डूबे जहाज़ के मलबे से मिले सड़े-फटे पैंट, नीलामी में बिके इतने महंगे कि उतने में आ जाए लग्जरी घर

 Published : Dec 12, 2022 10:52 pm IST,  Updated : Dec 12, 2022 10:52 pm IST

3 दिसंबर को होलाबर्ड वेस्टर्न अमेरिकाना कलेक्शंस की नीलामी में एसएस सेंट्रल अमेरिका जहाज से बरामद 270 सामानों को प्रदर्शित किया गया। ये जहाज सितंबर 1857 में पनामा से न्यूयॉर्क की यात्रा करते वक्त एक तूफान की चपेट में आ गया था।

जहाज के मलबे से मिले पुराने पेंट- India TV Hindi
जहाज के मलबे से मिले पुराने पेंट Image Source : AP

साल 1857 में सैंकड़ो लोगों के साथ एक अमेरिकन जहाज डूबा था। अब एसएस सेंट्रल अमेरिका नाम के इस जहाज से मिले मलबे के सामान की हाल ही में नीलामी की गई है। इस मलबे से मिले कुछ सड़े और फटे जींस की पैंट की भी नीलामी हुई है। लेकिन जिस कीमत में ये पुराने पैंट बिके हैं उतने में आज भारत के किसी भी मेट्रो शहर में एक लग्जरी घर आ जाए। करीब 150 साल पहले डूबे जहाज से मिले इस पैंट की नीलामी 114,000 डॉलर यानी करीब 93 लाख रुपयों में हुई है।

Levi's  की हो सकती है 150 साल पुराने मलबे से मिली जींस 

नीलामी के अधिकारियों ने कहा कि 1857 के जहाज़ के मलबे से निकाले जाने के बाद इस महीने की नीलामी में 114,000 डॉलर यानी करीब 93 लाख रुपये में बिकने वाली पैंट की एक जोड़ी लेवी स्ट्रॉस (Levi Strauss) जींस का शुरुआती एडिशन हो सकती है, हालांकि कंपनी के एक इतिहासकार ने कहा कि इसकी महज अटकलें ही लगाई जा रही हैं। लेवी स्ट्रॉस, उनके सहयोगी और जैकब डेविस ने एसएस सेंट्रल अमेरिका जहाज डूबने के 16 साल बाद 1873 में पहली आधुनिक ब्लूजीन्स का पेटेंट कराया था।

425 लोग और भारी खजाने के साथ डूबा था जहाज 
3 दिसंबर को होलाबर्ड वेस्टर्न अमेरिकाना कलेक्शंस की नीलामी में एसएस सेंट्रल अमेरिका जहाज से बरामद 270 सामानों को प्रदर्शित किया गया। ये जहाज सितंबर 1857 में पनामा से न्यूयॉर्क की यात्रा करते वक्त एक तूफान की चपेट में आ गया था। ये जाहज 425 लोगों के साथ डूब गया था। बता दें कि इसका मलबा साल 1988 में दक्षिण कैरोलिना के तट पर खोजा गया था, तबसे इसके खजाने के अधिकार, जिसमें हजारों पाउंड की कीमत का कैलिफोर्निया सोना शामिल था, एक दशक लंबी कानूनी लड़ाई का मुद्दा बन गया है।

जहाज के मलबे से कैसे मिले ये पुराने पैंट
ये पैंट ओरेगन के मैक्सिकन-अमेरिकी युद्ध के एक पुराने सिपाही जॉन डीमेंट से संबंधित एक ट्रंक में पाए गए थे। डीमेंट अपने परिवार की दुकान के लिए सामान खरीदा करते थे, और, नीलामी कौटालॉग के अनुसार, वह सामान खरीदने के लिए व्यापारिक यात्राओं के दौरान, एस.एस. सेंट्रल अमेरिका के डूबने सहित कई तूफानी जहाज यात्राओं से बचके निकले थे। डीमेंट का ट्रंक 1991 में बरामद किया गया था। इसके अंदर के सामान में मोज़े, नाइट शर्ट और पेपरबैक किताबें शामिल थीं। इस ट्रंक को इसलिए बचाया जा सका था क्योंकि इसके अंदर बहुत कम या लगभग ना के बारबर ऑक्सीजन थी।

ट्रंक के अंदर नहीं हो पाया बैक्टीरिया से क्षरण
नीलामी कैटालॉग के अनुसार, एसएस सेंट्रल अमेरिका परियोजना के मुख्य वैज्ञानिक और इतिहासकार रॉबर्ट इवांस ने कहा कि ट्रंक की कंडिशन ने इसके सामान को बैक्टीरिया के क्षरण से रोक दिया। ट्रंक के अंदर, वैज्ञानिकों को वर्क पैंट भी मिले, जो एक मोटी अज्ञात सामग्री से बने होते हैं और जिनपर काले और भूरे रंग के धब्बे लगे हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि पैंट नीलामी किसने जीती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश