1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो से मुलाकात करेंगे एस जयशंकर, टैरिफ वार के बीच अहम होगी चर्चा

अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो से मुलाकात करेंगे एस जयशंकर, टैरिफ वार के बीच अहम होगी चर्चा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Sep 22, 2025 01:04 pm IST,  Updated : Sep 22, 2025 01:15 pm IST

विदेश मंत्री एस जयशंकर इन दिनों अमेरिका गए हुए हैं। यहां वह अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो से मुलाकात भी करेंगे।

एस जयशंकर और रुबियो के बीच होगी मुलाकात।- India TV Hindi
एस जयशंकर और रुबियो के बीच होगी मुलाकात। Image Source : AP

न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के उच्च स्तरीय 80वें सत्र की शुरुआत हो गई है। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका गए हुए हैं। वहीं इस सत्र के दौरान ही भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी की जाएगी। बता दें कि रूस से तेल की खरीद को लेकर अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के बाद, रुबियो और जयशंकर की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी। 

दोनों नेताओं के बीच होगी बैठक

रविवार को अमेरिका के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी दैनिक कार्यक्रम के अनुसार, रुबियो सोमवार सुबह न्यूयॉर्क में जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों इससे पहले जुलाई में वाशिंगटन में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान मिले थे। यह द्विपक्षीय बैठक ऐसे दिन हो रही है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने को लेकर भी बातचीत होने वाली है। 

इसके अलावा केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को न्यूयॉर्क में अमेरिकी पक्ष से मुलाकात करेगा। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते पर शीघ्र निष्कर्ष निकालने के लिए चर्चा को आगे बढ़ाना है।’’ 

फिलीपींस की विदेश सचिव से की मुलाकात

बता दें कि विदेश मंत्री जयशंकर रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे थे। एस जयशंकर ने यहां फिलीपींस की विदेश सचिव थेरेसा पी. लाजारो के साथ द्विपक्षीय बैठक के साथ अपने कार्यक्रम की शुरुआत की। विदेश मंत्री ने एक्स पर कहा, "हमने राष्ट्रपति मार्कोस की हालिया भारत यात्रा पर चर्चा की। संयुक्त राष्ट्र और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हमारे सहयोग पर भी चर्चा की।"

लाज़ारो ने कहा कि अगस्त में राष्ट्रपति बोंगबोंग मार्कोस की भारत की "सफल" राजकीय यात्रा के बाद जयशंकर से फिर से मिलकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा, "आज की हमारी चर्चा रणनीतिक साझेदारों के रूप में राजनीतिक, रक्षा और सुरक्षा, समुद्री क्षेत्र आदि में सक्रिय रूप से सहयोग विकसित करने के लिए हमारे दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।"

यह भी पढ़ें- 

'फिलिस्तीनी राष्ट्र की स्थापना नहीं होगी...', नेतन्याहू उठाएंगे जवाबी कदम, क्यों अलग देश के विरोध में हैं इजरायली PM?

क्या सुलझ गया डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क का झगड़ा? साथ दिखाई दिए, मुलाकात की वजह भी सामने आई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश