1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. टुकड़े-टुकड़े करके पत्रकार की हत्या, प्रिंस सलमान पर लगे थे आरोप, अब ट्रंप ने दिया चौंकाने वाला बयान

टुकड़े-टुकड़े करके पत्रकार की हत्या, प्रिंस सलमान पर लगे थे आरोप, अब ट्रंप ने दिया चौंकाने वाला बयान

 Published : Nov 19, 2025 08:29 am IST,  Updated : Nov 19, 2025 08:31 am IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का स्वागत किया और खशोगी हत्या मामले में खुफिया रिपोर्ट को खारिज कर दिया। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में निवेश और रक्षा सौदों पर जोर रहा।

Trump MBS meeting, Jamal Khashoggi murder, US Saudi relations, Trump defends MBS- India TV Hindi
सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ड्रंप। Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का व्हाइट हाउस में जोरदार स्वागत किया। यह 7 साल बाद MBS की पहली व्हाइट हाउस यात्रा थी। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में अरबों डॉलर के निवेश, हथियार सौदे और अब्राहम समझौते को आगे बढ़ाने पर जोर रहा। हालांकि, 2018 में पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या के मामले में ट्रंप ने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की उस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि क्राउन प्रिंस को इस हत्या की जानकारी थी।

'क्राउन प्रिंस को इस बारे में कुछ नहीं पता था'

ओवल ऑफिस में मीडिया के सवाल पर ट्रंप ने कहा, 'खशोगी बहुत विवादास्पद शख्स थे। बहुत से लोगों को वह पसंद नहीं थे। चाहे आपको वे पसंद हों या नहीं, ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। क्राउन प्रिंस को इस बारे में कुछ नहीं पता था। हम इसे यहीं छोड़ सकते हैं। हमारे मेहमान को शर्मिंदा करने वाला सवाल पूछने की जरूरत नहीं है।' बता दें कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने 2021 में जारी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि क्राउन प्रिंस ने बहुत संभव है कि इस्तांबुल स्थित सऊदी दूतावास में खशोगी की हत्या को मंजूरी दी थी। ट्रंप के पहले कार्यकाल में उनकी सरकार ने इस रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया था।

'हमने जांच के लिए सभी सही कदम उठाए'

क्राउन प्रिंस सलमान ने कहा, 'हमने जांच के लिए सभी सही कदम उठाए। यह बहुत दर्दनाक और बड़ी गलती थी।' ट्रंप ने सऊदी अरब की मानवाधिकार स्थिति की भी तारीफ की और बिना कोई उदाहरण दिए कहा, 'मानवाधिकार और बाकी हर मामले में उन्होंने जो किया है, वह अद्भुत है।' मुलाकात के दौरान क्राउन प्रिंस ने ऐलान किया कि सऊदी अरब अब अमेरिका में 1 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 84 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगा। पहले यह राशि 600 अरब डॉलर थी। ट्रंप ने कहा कि दोनों देश अब 'अच्छे दोस्त' बन गए हैं और क्राउन प्रिंस आने वाले दशकों में मध्य पूर्व को आकार देने वाले अहम शख्स हैं। 

ट्रंप परिवार का सऊदी अरब से कारोबारी रिश्ता

बता दें कि ट्रंप के परिवार का सऊदी अरब से गहरा कारोबारी जुड़ाव है। सितंबर में लंदन की कंपनी डार ग्लोबल ने जेद्दा में 'ट्रंप प्लाजा' बनाने की घोषणा की थी। यह ट्रंप ऑर्गनाइजेशन का सऊदी अरब में दूसरा प्रोजेक्ट है। ट्रंप ने कहा, 'मेरा परिवार के कारोबार से कोई लेना-देना नहीं है।' वहीं, मानवाधिकार संगठनों ने ट्रंप की आलोचना की है। खशोगी द्वारा स्थापित संगठन DAWN के निदेशक रईद जर्रार ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप के हाथों पर जमाल खशोगी का खून लगा है। वे एमबीएस के हर फांसी और कैद के आदेश में सह-अपराधी बन गए हैं।न संगठनों का कहना है कि सऊदी अरब में असहमति दबाने के लिए पत्रकारों, कार्यकर्ताओं और आलोचकों को गिरफ्तार किया जा रहा है और फांसी की संख्या में तेजी आई है। (AP)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश