1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कनाडा के एक विज्ञापन पर बुरी तरह भड़के हुए हैं ट्रंप, इसे जल्द नहीं हटाने पर दी 10 फीसदी और टैक्स लगाने की धमकी

कनाडा के एक विज्ञापन पर बुरी तरह भड़के हुए हैं ट्रंप, इसे जल्द नहीं हटाने पर दी 10 फीसदी और टैक्स लगाने की धमकी

 Published : Oct 26, 2025 11:21 am IST,  Updated : Oct 26, 2025 11:21 am IST

ट्रंप की इस चेतावनी के बाद कनाडा अब राजनयिक स्तर पर जवाबी कदम सोच रहा है, लेकिन आसियान शिखर के दौरान अनौपचारिक बातचीत की संभावना बनी हुई है। वैश्विक बाजारों में इस खबर से कनाडाई डॉलर में गिरावट दर्ज की गई।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

एयरफोर्स वन से: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के साथ व्यापारिक तनाव को नई ऊंचाई दे दी है। शनिवार को एयर फोर्स वन से मलेशिया रवाना होते हुए उन्होंने कनाडा को कड़ी चेतावनी जारी की। ट्रंप ने कहा कि यदि ओंटारियो प्रांत द्वारा चलाए जा रहे शुल्क-विरोधी टेलीविजन विज्ञापन तुरंत हटा नहीं लिए गए, तो कनाडाई सामानों पर आयात शुल्क में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि कर दी जाएगी। यह विज्ञापन पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के शब्दों का इस्तेमाल कर अमेरिकी शुल्क नीतियों की आलोचना करता है, जिससे ट्रंप बेहद नाराज हो गए। 

ट्रंप ने विज्ञापन को कहा-झूठा और शत्रुतापूर्ण

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह विज्ञापन "झूठा और शत्रुतापूर्ण" है, और इसके चलते वे कनाडा के साथ चल रही व्यापार वार्ताओं को समाप्त कर देंगे। विज्ञापन शुक्रवार रात को वर्ल्ड सीरीज के पहले मैच के दौरान प्रसारित हुआ था, जिसके बाद ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने घोषणा की कि वे सप्ताहांत के बाद इसे हटा देंगे। ट्रंप ने पोस्ट में लिखा, "उन्हें कल रात वर्ल्ड सीरीज के दौरान इसे चलाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए थी। तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के कारण मैं कनाडा पर मौजूदा शुल्कों में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर रहा हूं।" हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप इस अतिरिक्त शुल्क के लिए किस कानूनी प्रावधान का सहारा लेंगे। व्हाइट हाउस ने इसकी समयसीमा या लागू होने के दायरे (क्या सभी कनाडाई वस्तुओं पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।


कनाडा पर पहले भी भारी-भरकम शुल्क लगा चुके हैं ट्रंप

ट्रंप के शुल्कों ने कनाडा की अर्थव्यवस्था को गहरा आघात पहुंचाया है। कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ट्रंप के साथ वार्ता के जरिए इन शुल्कों को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। कनाडा के निर्यात का 75% से अधिक हिस्सा अमेरिका जाता है, जहां प्रतिदिन लगभग 3.6 अरब कनाडाई डॉलर (2.7 अरब अमेरिकी डॉलर) मूल्य की वस्तुएं और सेवाएं सीमा पार करती हैं। वर्तमान में कई कनाडाई उत्पादों पर 35% शुल्क लगाया गया है, जबकि इस्पात और एल्यूमीनियम पर 50% तक पहुंच चुका है। ऊर्जा उत्पादों पर 10% शुल्क है, लेकिन अधिकांश वस्तुएं अमेरिका-कनाडा-मेक्सिको समझौते (USMCA) के तहत शुल्क-मुक्त हैं। कार्नी के प्रवक्ता ने भी इस धमकी पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी।


ट्रंप ने कनाडा पर ये आरोप लगाया

ट्रंप ने विज्ञापन में रीगन के रुख को "गलत तरीके से प्रस्तुत" करने का आरोप लगाया। दोनों नेता मलेशिया में दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, लेकिन ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उनका कार्नी से मिलने का कोई प्लान नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह विवाद USMCA को कमजोर कर सकता है, जो 2020 में लागू हुआ था। कनाडा के ऑटोमोबाइल, कृषि और ऊर्जा क्षेत्र पहले से ही शुल्कों से जूझ रहे हैं, और यह नई धमकी निर्यातकों के लिए झटका साबित हो सकती है। यदि शुल्क बढ़े, तो कनाडाई उपभोक्ताओं पर महंगाई का बोझ पड़ेगा, जबकि अमेरिकी आयात भी महंगे हो जाएंगे। ट्रंप की यह कार्रवाई उनकी "अमेरिका फर्स्ट" नीति का हिस्सा लगती है, जो वैश्विक व्यापार को प्रभावित कर रही है। (एपी)

यह भी पढ़ें


VIDEO: मलेशिया दौरे पर ट्रंप ने लगाए ठुमके, पुतिन के साथ वार्ता पर बोले-"मैं समय बर्बाद नहीं करूंगा, मगर उनसे मेरे अच्छे संबंध"
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश