1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Israel US Iran War: ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान, "तेहरान पर हमले रोके; बातचीत से तय होगा आगे का प्लान"

Israel US Iran War: ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान, "तेहरान पर हमले रोके; बातचीत से तय होगा आगे का प्लान"

 Published : Mar 23, 2026 04:45 pm IST,  Updated : Mar 23, 2026 06:29 pm IST

ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि फिलहाल ईरान पर हमले रोक दिए गए हैं। आगे का प्लान बातचीत के बाद तय होगा।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

Israel US Iran War: ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि फिलहाल ईरान पर हमले रोक दिए गए हैं। ट्रंप ने कहा कि हमने अपने युद्ध विभाग को अगले 5 दिनों तक ईरान पर हमले नहीं करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आगे का प्लान बातचीत के बाद तय होगा। इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध का फिलहाल 24वां दिन चल रहा है। ट्रंप ने दावे में कहा है कि ईरान से उनकी इस बारे में बातचीत हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले 2 दिनों तक ईरान से वार्ता अच्छी हुई है। अगले 1 हफ्ते तक ईरान के साथ वार्ता जारी रहेगी। 

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर क्या लिखा?

ट्र्ंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा,  "मैं यह बताते हुए प्रसन्न हूं कि संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में मध्य पूर्व में हमारी शत्रुता के पूर्ण और समग्र समाधान को लेकर बहुत अच्छी और उत्पादक बातचीत हुई है। इन गहन, विस्तृत और रचनात्मक वार्ताओं के लहजे और संकेत (स्वर) के आधार पर मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया है कि ईरानी पावर प्लांट्स और ऊर्जा अवसंरचना के खिलाफ किसी भी और सभी सैन्य हमलों को पांच दिनों की अवधि के लिए स्थगित कर दिया जाए। ट्रंप ने कहा-यह वार्ता पूरे सप्ताह जारी रहेगी। यह रोक ईरान के साथ चल रही बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर आधारित होगा।  इस मामले पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद!"

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान के सुप्रीम लीडर को मार डाला था

अमेरिका और इजरायल ने ईरान में सत्ता परिवर्तन के इरादे से 28 फरवरी को तेहरान पर बड़ा हमला किया था। इस दौरान ईरान के सुप्रीम लीडर सैय्यद अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई अन्य वरिष्ठ लीडर और सैन्य अधिकारी मारे गए थे। ईरान ने इसके बाद इजरायल और अमेरिका पर जवाबी हमले शुरू कर दिए। 24 दिनों के युद्ध में ईरान ने पूरे मिडिल-ईस्ट में अमेरिका के सैन्य बेसों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर व्यापक हमले किए। इससे पूरी दुनिया में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा हो गया। दुनिया भर में तेल और गैस के दाम आसमान छूने लगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश