1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान से युद्ध छेड़ने के बाद गिर गई ट्रंप की लोकप्रियता, 61 फीसदी अमेरिकी तेहरान पर हमले के खिलाफ

ईरान से युद्ध छेड़ने के बाद गिर गई ट्रंप की लोकप्रियता, 61 फीसदी अमेरिकी तेहरान पर हमले के खिलाफ

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Mar 25, 2026 02:39 pm IST,  Updated : Mar 25, 2026 02:39 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग ईरान से युद्ध शुरू होने के बाद तेजी से नीचे गिर रही है। एक हफ्ते में ही उनकी रेटिंग 40 से गिरकर 36 पर आ गई है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

वाशिंगटनः ईरान से युद्ध छेड़ने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग बुरी तरह गिर गई है। एक ताजा सर्वे के अनुसारडोनाल्ड ट्रंप की परफॉर्मेंस से केवल 36 प्रतिशत अमेरिकी ही संतुष्ट हैं। यह उनके दूसरे कार्यकाल की अब तक की सबसे कम लोकप्रियता वाली रेटिंग है।

एक हफ्ते में ही 4 फीसदी गिरी ट्रंप की लोकप्रियता

पिछले हफ्ते ट्रंप की लोकप्रियता का आंकड़ा 40 प्रतिशत था, जो इस हफ्ते गिरकर 36 प्रतिशत रह गया। यानी एक ही हफ्ते में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 4 फीसदी तक गिर गई। ईरान पर अमेरिकी हमलों और उसके कारण तेल की कीमतों में तेज उछाल ने ट्रंप के समर्थन को काफी नुकसान पहुंचाया है। 

62 फीसदी अमेरिकियों ने ट्रंप को किया नापसंद

सर्वे में शामिल 62 प्रतिशत लोगों ने ट्रंप की परफॉर्मेंस को नापसंद किया। जीवन यापन के मुद्दे पर तो स्थिति और खराब है। केवल 25 प्रतिशत अमेरिकियों ने ही ट्रंप के तरीकों पर भरोसा जताया। याद रहे, 2024 के चुनाव में ट्रंप ने मुख्य रूप से महंगाई और आसान जीवनयापन के वादे पर ही जीत हासिल की थी। अब वही मुद्दा उनके खिलाफ भारी पड़ रहा है। इकोनॉमिक मैनेजमेंट पर भी ट्रंप की रेटिंग बुरी तरह लुढ़क गई है। सिर्फ 29 प्रतिशत लोग उनके आर्थिक प्रबंधन को पसंद कर रहे हैं। यह आंकड़ा ट्रंप के दोनों कार्यकालों में सबसे कम है। उनकी रेटिंग फिलहाल पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को आर्थिक मुद्दों पर मिली रेटिंग से भी बदतर हो गई है। 

61 फीसदी अमेरिकी ईरान युद्ध के खिलाफ

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पेट्रोल और अन्य ईंधनों की कीमतों में उछाल आया है, जिससे आम अमेरिकी परिवारों पर असर पड़ा है। सर्वे में ईरान पर हमलों को भी केवल 35 प्रतिशत लोगों ने समर्थन दिया, जबकि 61 प्रतिशत ने इसका विरोध किया। दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में ट्रंप की लोकप्रियता 47 प्रतिशत तक पहुंची थी, लेकिन ईरान संघर्ष और बढ़ती महंगाई ने उसे तेजी से नीचे खींच लिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर तेल की कीमतें और बढ़ीं तथा युद्ध लंबा खिंचा तो ट्रंप की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। यह गिरावट ट्रंप प्रशासन के लिए चेतावनी है। 2024 में अर्थव्यवस्था और महंगाई पर वादों के बल पर सत्ता में लौटे ट्रंप अब उसी मोर्चे पर सबसे ज्यादा कमजोर नजर आ रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश