1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Trump Putin Meeting LIVE: अलास्का में पुतिन से वार्ता के बाद ट्रंप का बयान, जल्द ही जेलेंस्की और NATO से करेंगे बात

Trump Putin Meeting LIVE: अलास्का में पुतिन से वार्ता के बाद ट्रंप का बयान, जल्द ही जेलेंस्की और NATO से करेंगे बात

 Updated : Aug 16, 2025 08:38 am IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में अहम वार्ता हुई है। दोनों देशों के नेताओं के बीच ढाई घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई है।

डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई वार्ता- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई वार्ता Image Source : AP

Trump Putin Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में वार्ता समाप्त हो चुकी है। दोनों देशों के नेताओं के बीच ढाई घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई है।  वार्ता के दौरान मुख्य मुद्दा यह रहा कि कैसे रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को खत्म किया जाए। फिलहाल, वार्ता के दौरान रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर को लेकर कोई सहमति नहीं बनी है। इस अहम मुलाकात को लेकर अलास्का की राजधानी एंकरेज में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ट्रंप और पुतिन की मुलाकात से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए इंडिया टीवी का साथ जुड़े रहें।

Trump Putin Meeting Live

Auto Refresh
Refresh
  • 7:04 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    पुतिन से बातचीत के बाद ट्रंप का बयान

    अलास्का में रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ लंबी चली बातचीत के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, जल्द ही वे नाटो देश और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात करेंगे।

  • 4:50 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    जल्द होगी मुलाकात

    अलास्का में हुई वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम आपसे बहुत जल्द बात करेंगे और शायद जल्द ही फिर मिलेंगे। इस पर पुतिन ने कहा कि अगली बार मॉस्को में। फिर ट्रंप कहते हैं, "यह एक दिलचस्प सवाल है" और आगे कहते हैं, "इस पर मुझे थोड़ी आलोचना झेलनी पड़ेगी, लेकिन मुझे लगता है कि ऐसा हो सकता है। 

  • 4:41 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कुछ बड़े मुद्दों पर नहीं बनी सहमति: ट्रंप

    व्लादिमीर पुतिन और रूसी डेलिगेशन के साथ बैठक के बाद प्रेस वार्ता करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कुछ मुद्दों पर सहमति नहीं बनी है। हम चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच मित्रता रहे। पुतिन के साथ बैठक सकारात्मक रही।

  • 4:33 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    रचनात्मक माहौल में हुई वार्ता: पुतिन

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए कहा कि बातचीत आपसी सम्मान के रचनात्मक माहौल में हुई। उन्होंने कहा कि हमारे बीच बहुत गहन बातचीत हुई जो काफी उपयोगी रही। उन्होंने अलास्का शिखर सम्मेलन का प्रस्ताव रखने के लिए डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद दिया।

  • 4:30 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से वार्ता के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि ट्रंप ने ऐसी बैठक बुलाई जिसका इंतजार था। उन्होंने कहा कि दोनों देश शांति के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

  • 4:25 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    रूसी रक्षा मंत्री ने क्या कहा?

    रूसी रक्षा मंत्री एंड्री बेलौसोव ने ट्रंप-पुतिन की बैठक को 'अच्छा' बताया है। बेलौसोव बैठक के दौरान वित्त मंत्री एंटोन सिलुआनोव के साथ पहली पंक्ति में बैठे थे।

  • 4:18 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    जल्द शुरू होगी पुतिन-ट्रंप की प्रेस कॉन्फ्रेंस

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वार्ता समाप्त हो गई। वार्ता के बाद पुतिन और ट्रंप की प्रेस कॉन्फ्रेंस जल्द शुरू होगी।

  • 3:57 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ट्रंप और पुतिन के बीच समाप्त हुई वार्ता

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वार्ता लगभग ढाई घंटे बाद समाप्त हो गई। दोनों नेताओं ने शीर्ष सलाहकारों के साथ बंद दरवाजों के पीछे मुलाकात की है।

  • 3:20 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    अलास्का में ट्रंप समर्थकों में उत्साह

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वार्ता जारी है। इस बीच अलास्का के एंकरेज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सैकड़ों समर्थक पुतिन-ट्रंप शिखर बैठक स्थल के पास जुटे हैं। ट्रंप समर्थक अमेरिकी झंडे और पोस्टर के साथ नजर आए। 

  • 3:01 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ट्रंप और पुतिन के बीच वार्ता जारी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में पिछले 2 घंटों से अधिक समय से वार्ता जारी है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी इस बैठक में मौजूद हैं।

     

  • 1:17 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ट्रंप और पुतिन के साथ बैठक में मौजूद हैं अन्य लोग

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एंकरेज में रूस-यूक्रेन युद्ध पर केंद्रित वार्ता शुरू कर दी है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो सहित अन्य अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद हैं।

  • 1:13 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ट्रंप ने बैठक से पहले एयर फोर्स वन में कही थी ये बात

    अलास्का के लिए उड़ान भरते समय एयर फोर्स वन में फॉक्स न्यूज चैनल के ब्रेट बैयर द्वारा दिए गए साक्षात्कार में, ट्रंप ने कहा कि वह इस बैठक से युद्ध विराम के साथ ही निकलना चाहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह यूक्रेन में रूस के युद्ध पर दूसरी बैठक चाहते हैं। दोनों देशों के बीच शत्रुता समाप्त होने के बारे में ट्रंप ने कहा, "अगर मुझे यह नहीं मिला तो मैं बहुत खुश नहीं होऊंगा।" उन्होंने कहा कि हर कोई उनसे कह रहा है कि दूसरी बैठक तक उन्हें युद्ध विराम नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, "तो, देखते हैं क्या होता है। अगर मैं किसी तरह के युद्ध विराम के बिना निकल गया तो मुझे खुशी नहीं होगी।"

  • 1:10 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कैसा है माहौल?

    दोनों नेता एक कमरे में नीले रंग की पृष्ठभूमि के सामने बैठे हैं। ट्रंप और पुतिन की कुर्सी पर बीच एक छोटी सी मेज है। मेज पर पानी के गिलास रखे हैं। इस बीच ट्रंप ने कमरे में कुछ देर के लिए मौजूद पत्रकारों को धन्यवाद कहा।

  • 1:05 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    पुतिन और ट्रंप के बीच शुरू हुई वार्ता

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का के एंकरेज शहर में बातचीत शुरू हो गई है। ट्रंप और पुतिन ने वर्षों से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए संभावित समझौते पर बातचीत शुरू की है।

  • 1:00 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    एक ही कार में सवार हुए पुतिन और ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वार्ता स्थल तक पहुंचने के लिए एक ही कार का इस्तेमाल किया।

  • 12:51 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ट्र्ंप और पुतिन मिले, हाथ भी मिलाया

    अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्र्ंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मुलाकात हुई है। दोनों नेता एक दूसरे के साथ खड़े हुए नजर आए हैं। दोनों नेताओं ने शब्दों का आदान-प्रदान भी किया है।

  • 12:47 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    रूस-यूक्रेन युद्ध का निपटारा है जरूरी

    पुतिन से मुलाकात से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने कहा है कि दोनों पक्षों में सम्मान का अच्छा स्तर है, और मुझे लगता है कि इसका कुछ नतीजा जरूर निकलेगा। मैंने देखा है कि वो रूस से बहुत से व्यापारियों को ला रहे हैं, और यह अच्छी बात है। मुझे यह अच्छा लगा क्योंकि वो व्यापार करना चाहते हैं, लेकिन जब तक हम युद्ध (रूस-यूक्रेन युद्ध) का निपटारा नहीं कर लेते, तब तक वे व्यापार नहीं करेंगे।

     

  • 12:41 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    अलास्का पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अलास्का पहुंच चुके हैं। ट्रंप यहां रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ होने वाली अहम बैठक के लिए पहुंचे हैं। पुतिन और ट्रंप की होने वाली इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

  • 12:36 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कब से अमेरिका नहीं गए पुतिन?

    रूसी राष्ट्रपति 2015 में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के बाद से अमेरिका नहीं गए हैं। अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने 2023 में पुतिन के खिलाफ युद्ध अपराधों के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। 

  • 12:34 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ट्रंप ने दी है चेतावनी

    अलास्का में होने वार्ता से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर यह एक खराब बैठक रही तो वो किसी को फोन नहीं करेंगे। अगर यह एक अच्छी बैठक रही तो मैं राष्ट्रपति जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं को फोन करूंगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश