Donald Trump Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान को पूर्ण विनाश करार देते हुए तीखा बयान जारी किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट में दावा किया कि अमेरिका ईरान के आतंकवादी शासन को सैन्य, आर्थिक और हर मोर्चे पर पूरी तरह तबाह कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसेना, वायुसेना, मिसाइलें, ड्रोन और नेतृत्व सब कुछ नष्ट हो चुका है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "हम ईरान के आतंकवादी शासन को पूरी तरह से तबाह कर रहे हैं - सैन्य, आर्थिक और अन्य सभी तरीकों से। फिर भी, अगर आप 'फेलिंग न्यूयॉर्क टाइम्स' पढ़ते हैं, तो आपको गलतफहमी होगी कि हम जीत नहीं रहे हैं। ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना अब अस्तित्व में नहीं है; मिसाइलें, ड्रोन और बाकी सब कुछ तबाह किया जा रहा है, और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है। हमारे पास बेजोड़ मारक क्षमता है, असीमित गोला-बारूद है, और हमारे पास काफी समय है - देखिए आज इन पागल और नीच लोगों का क्या हश्र होता है। वो पिछले 47 सालों से पूरी दुनिया में बेकसूर लोगों को मारते आ रहे हैं, और अब मैं - संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर - उन्हें खत्म कर रहा हूं। ऐसा करना मेरे लिए कितने बड़े सम्मान की बात है!"
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ईरान के खिलाफ जारी ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के संदर्भ में आया है। इस सैन्य अभियान की शुरुआत में ही ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई शीर्ष नेताओं की मौत हो गई थी। अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि ईरान की नौसेना के दर्जनों जहाज डुबो दिए गए हैं, वायु रक्षा प्रणाली और रडार नष्ट हो चुके हैं, मिसाइल लॉन्चरों का बड़ा हिस्सा तबाह किया गया है, और ड्रोन उत्पादन क्षमता लगभग समाप्त हो गई है। ट्रंप ने इससे पहले भी कई बार कहा है कि ईरान की पूरी नौसेना समुद्र तल में है और वायुसेना पूरी तरह मिटा दी गई है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब जंग 14 दिनों से जारी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने वीडियो जारी कर ईरान के नौसैनिक ठिकानों पर हमलों के फुटेज दिखाए हैं, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास माइनलेयर जहाजों को निशाना बनाया गया। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कहा है कि हमने यह जंग शुरू नहीं किया, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में हम इसे खत्म कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
'जिंदा तो हैं, लेकिन घायल हैं मुज्तबा खामेनेई', ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा