1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले हजारों लोग खिलाफ में उतरे सड़क पर, एलन मस्क का भी हो रहा विरोध; जानें मामला

ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले हजारों लोग खिलाफ में उतरे सड़क पर, एलन मस्क का भी हो रहा विरोध; जानें मामला

 Published : Jan 19, 2025 10:27 am IST,  Updated : Jan 19, 2025 10:27 am IST

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ उनके शपथ ग्रहण से पहले ही हजारों लोग सड़क पर उतर आए हैं। वह उनकी कुछ नीतियों का विरोध कर रहे हैं।

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ वाशिंगटन डीसी में विरोध प्रदर्शन करते लोग। - India TV Hindi
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ वाशिंगटन डीसी में विरोध प्रदर्शन करते लोग। Image Source : AP

वाशिंगटन: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में महज कुछ घंटे शेष हैं, लेकिन इससे पहले ही उनके खिलाफ हजारों लोग वाशिंगटन डीसी की सड़कों पर उतर आए हैं। वह ट्रंप के करीबी और खरबपति कारोबारी एलन मस्क का भी विरोध कर रहे हैं। सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने वाले ये लोग कौन हैं और इनकी क्या मांग है, आइये आपको पूरा मामला बताते हैं।

दरअसल ट्रंप 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले हैं। मगर उससे पहले ही हजारों लोग राजधानी वाशिंगटन डीसी में उनके खिलाफ एकत्र होकर ट्रंप की कुछ नीतियों का विरोध कर रहे हैं। सखी फॉर साउथ एशियन सर्वाइवर्स समेत गैर-लाभकारी निकायों के एक समूह ने ‘पीपुल्स मार्च’ के बैनर तले यहां ट्रंप की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ट्रंप (78) रोधी पोस्ट दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों ने अगले राष्ट्रपति और टेस्ला के मालिक एलन मस्क समेत उनके करीबी समर्थकों के खिलाफ नारे लगाए।

2017 में भी ट्रंप के खिलाफ हुआ था ऐसा विरोध प्रदर्शन

जनवरी 2017 में भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के समय भी ऐसा ही एक विरोध प्रदर्शन हुआ था। तीन अलग-अलग पार्कों से शुरू हुए विरोध मार्च लिंकन मेमोरियल के निकट समाप्त हुए। पीपुल्स मार्च की तरफ से कहा गया, “सामूहिक विरोध प्रदर्शन हमारे समुदायों को यह दिखाने का सबसे प्रभावी तरीका है कि हम पहले से ही नतमस्तक नहीं हैं या फासीवाद के आगे नहीं झुक रहे हैं। हम उन्हें भी ऐसा करने के लिए आमंत्रित करते हैं।” 

क्यों विरोध कर रहे हैं प्रदर्शनकारी

ट्रंप के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वाले समूहों में अबॉर्शन एक्शन नाउ, टाइम टू एक्ट, सिस्टरसॉन्ग, विमेंस मार्च, पॉपुलर डेमोक्रेसी इन एक्शन, हैरियट्स वाइल्डेस्ट ड्रीम्स, द फेमिनिस्ट फ्रंट, नाउ, प्लांड पैरेंटहुड, नेशनल विमेंस लॉ सेंटर एक्शन फंड, सिएरा क्लब और फ्रंटलाइन शामिल हैं। वह महिलाओं की समानता, आव्रजन नीति को लेकर विरोध कर रहे हैं। एक प्रदर्शनकारी ब्रिटनी मार्टिनेज ने ‘यूएसए टुडे’ से कहा, “हम वास्तव में महिलाओं, समानता, आव्रजन, हर उस चीज का समर्थन करते हैं जिसके बारे में हमें लगता है कि अभी हमारे पास ज्यादा कहने को कुछ नहीं है। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश