1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. हवा में टकराकर दो विंटेज प्लेन क्रैश, एयर शो के दौरान हुआ हादसा, देखें Video

हवा में टकराकर दो विंटेज प्लेन क्रैश, एयर शो के दौरान हुआ हादसा, देखें Video

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Nov 13, 2022 07:12 am IST,  Updated : Nov 13, 2022 07:21 am IST

Viral Video: दोनों प्लेन हवा में एक दूसरे से टकराने के बाद जमीन पर गिर गए। इसके बाद उसमें आग लग गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मौके पर मौजूद रहे एंथोनी मोंटोया ने कहा, यह देख मैं पूरी तरह सदमे में चला गया और मुझे यकीन ही नहीं हुआ कि ऐसा कुछ हुआ है।

डलास एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट पर हुआ हादसा- India TV Hindi
डलास एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट पर हुआ हादसा Image Source : SOCIAL MEDIA

Viral Video: अमेरिका के टेक्सास प्रांत में दो विंटेज प्लेन के क्रैश होने की खबर है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह हादसा डलास एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट पर एक एयर शो के दौरान हुआ। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि प्लेन में कितने लोग सवार थे और इस हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं। दोनों प्लेन हवा में एक दूसरे से टकराने के बाद जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद उसमें आग लग गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। 

दोनों प्लेन जमीन पर गिर गए

इसके बाद एक दर्जन से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को एयरपोर्ट पर बुलाया गया। घटना स्थानीय समय के मुताबिक, दोपहर करीब 1:20 बजे हुई। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक, बोइंग बी-17 फ्लाइंग फोर्ट्रेस और बेल पी-63 किंगकोबरा आपस में टकरा गए। हवा में टकराने के बाद दोनों प्लेन जमीन पर गिर गए। इस घटना के बाद डलास एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चालू कर दिया गया। इमरजेंसी कर्मचारी डलास एयरपोर्ट पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य में जुट गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दोनों प्लेन आपस में एक दूसरे से टकराने के बाद जमीन पर गिर गए। इसके बाद उसमें आग लग गई।

'यकीन ही नहीं हुआ कि ऐसा कुछ हुआ है'

मौके पर मौजूद रहे एंथोनी मोंटोया ने दोनों प्लेन को टकराते हुए देखा। उन्होंने देखा कि आसमान में दो विमान आपस में टकरा गए। उन्होंने कहा, "यह देख मैं पूरी तरह सदमे में चला गया और मुझे यकीन ही नहीं हुआ कि ऐसा कुछ हुआ है। मैं अपने दोस्त के साथ एयर शो में गया था। जैसे ही विमान आपस में टकराए तो चारों ओर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग चिल्ला रहे थे।"

दोनों विमान धू-धू कर जलने लगे

जमीन पर गिरने के बाद दोनों विमान धू-धू कर जलने लगे। विमानों के टकराने के बाद आसमान में धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सैंकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है कि विमान में कितने लोग सवार थे। वहीं, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड इस घटना की जांच कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश