1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Russia Ukraine War: ट्रंप ने दिया जेलेंस्की को बड़ा झटका, यूक्रेन से छीनी जमीन रूस को देने के पक्ष में अमेरिका

Russia Ukraine War: ट्रंप ने दिया जेलेंस्की को बड़ा झटका, यूक्रेन से छीनी जमीन रूस को देने के पक्ष में अमेरिका

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Oct 18, 2025 11:42 am IST,  Updated : Oct 18, 2025 12:51 pm IST

रूस के साथ युद्ध विराम समझौते में जेलेंस्की को अपनी गंवाई हुई जमीन छोड़नी पड़ सकती है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की से मुलाकात के बाद संवाददाताओं के साथ वार्ता में ये बड़ा संकेत दिया है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की को बड़ा झटका दिया है। ट्रंप ने पुतिन को यूक्रेन से छीने गए क्षेत्रों को रूस के पास ही रखने का संकेत देकर जेलेंस्की के हौसले को तोड़ने का प्रयास किया है। इससे जेलेंस्की फिर शांति की राह से भटक सकते हैं। ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ में लंबी बैठक के बाद यूक्रेन एवं रूस से युद्ध समाप्त करने का आह्वान किया। इसके साथ ही यह भी संकेत दिया कि जेलेंस्की को रूस के हाथो गंवाई अपनी जमीन पर दावा छोड़ देना चाहिए।

 

यूक्रेन को वापस नहीं मिलेगी खोई हुई जमीन

ट्रंप के बयानों से साफ है कि यूक्रेन को रूस के हाथो गंवाई जमीन से समझौता करना पड़ सकता है। मगर क्या जेलेंस्की इसके लिए राजी होंगे...यह अपने आप में एक सवाल है। ट्रंप ने इससे पहले शुक्रवार को भी जेलेंस्की और उनकी टीम की दो घंटे से अधिक की बातचीत के तुरंत बाद ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक ‘पोस्ट’ के जरिये यही संकेत दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था, ‘‘काफी खून-खराबा हो चुका है, संपत्ति की सीमाएं युद्ध और साहस से तय हो रही हैं।’’ उन्होंने कहा था, ‘‘उन्हें वहीं रुक जाना चाहिए जहां वे हैं। दोनों को जीत का दावा करने दें, इतिहास को फैसला करने दें!’’ ट्रंप ने बाद में फ्लोरिडा पहुंचने के तुरंत बाद दोनों पक्षों से ‘‘तुरंत युद्ध रोकने’’ का आग्रह किया और संकेत दिया कि रूस यूक्रेन से छीना गया क्षेत्र अपने पास रखे।

 

ट्रंप ने दोनों पक्षों को वापस जाने का आह्वान किया

राष्ट्रपति ट्रंप ने दोनों पक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में वापस जाने का आह्वान भी किया। ताकि शांति के रास्ते पर आगे बढ़ा जा सके। ट्रंप राष्ट्रपति बनने के बाद से ही रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अपने एक ताजा बयान में कहा कि उन्हें शांति पसंद है, इसलिए वह विभिन्न देशों के बीच समझौते करवाते हैं। ट्रंप ने शुक्रवार को पुतिन और जेलेंस्की को संकेत देते यह भी कहा था कि ‘‘आप युद्ध रेखा के अनुसार चलें, चाहे वह कहीं भी हो -- वरना यह बहुत जटिल हो जाएगा।’’ ट्रंप ने कहा, ‘‘आप युद्ध रेखा पर रुक जाएं और दोनों पक्षों को वापस जाना चाहिए, अपने परिवारों के पास जाना चाहिए, हत्याएं बंद करनी चाहिए।’’ शुक्रवार की बैठक के बाद जेलेंस्की ने कहा कि युद्धविराम और बातचीत का समय आ गया है। उन्होंने जमीन छोड़ने के लिए ट्रंप द्वारा यूक्रेन पर दबाव डाले जाने के बारे में पूछे गए सवाल का सीधा जवाब देने से परहेज किया। जब पत्रकारों ने जेलेंस्की से ट्रंप के पोस्ट के बारे में सवाल किया तो यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति सही हैं। हमें वहीं रुकना होगा जहां हम हैं और फिर बात करनी होगी।’’

 

ट्रंप ने बृहस्पतिवार को की थी पुतिन से फोन पर बात

रूस- यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप का रुख अचानक तब बदला, जब उन्होंने पुतिन के साथ बृहस्पतिवार को लंबी फोन वार्ता की थी। वार्ता के बाद उन्होंने घोषणा की कि वह आगामी सप्ताहों में हंगरी के बुडापेस्ट में रूसी नेता से मिलने की योजना बना रहे हैं। जेलेंस्की ने गाजा में पिछले सप्ताह हुए युद्धविराम और बंधक समझौते को लेकर ट्रंप को शुक्रवार को बधाई देते हुए कहा कि अब ट्रंप के पास रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने का बड़ा मौका है। अमेरिकी नेता ने संकेत दिया है कि वह कीव को लंबी दूरी की मिसाइल प्रणाली बेचने की सहमति देने को तैयार नहीं हैं। हालांकि यूक्रेन को इसकी सख्त जरूरत है। हाल में ट्रंप ने यूक्रेन को लंबी दूरी की ‘टॉमहॉक क्रूज’ मिसाइल बेचने की मंशा दिखाई थी, जबकि पुतिन ने चेतावनी दी थी कि इस तरह के कदम से अमेरिका-रूस संबंधों में और तनाव पैदा होगा।  (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश