1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. VIDEO: अमेरिका में फुटबॉल मैच से पहले 170 फीट की ऊंचाई से गिरकर एयरफोर्स जवान की मौत, स्टेडियम में मौजूद थे 23 हजार लोग

VIDEO: अमेरिका में फुटबॉल मैच से पहले 170 फीट की ऊंचाई से गिरकर एयरफोर्स जवान की मौत, स्टेडियम में मौजूद थे 23 हजार लोग

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 19, 2026 05:50 pm IST,  Updated : Oct 19, 2026 06:05 pm IST

अमेरिका के सैन एंटोनियो स्थित अलामोडोम स्टेडियम में फुटबॉल मैच से पहले फास्ट-रोपिंग प्रदर्शन के दौरान अमेरिकी वायुसेना के एक जवान करीब 170 फीट की ऊंचाई से गिर गए और उनकी मौत हो गई।

फास्ट-रोपिंग प्रदर्शन के दौरान ऊंचाई से गिरकर एयरफोर्स जवान की मौत- India TV Hindi
फास्ट-रोपिंग प्रदर्शन के दौरान ऊंचाई से गिरकर एयरफोर्स जवान की मौत Image Source : X/@MLFOOTBALL

अमेरिका के सैन एंटोनियो स्थित अलामोडोम स्टेडियम में फुटबॉल मैच से पहले सैन्य प्रदर्शन के दौरान एक अमेरिकी वायुसेना के जवान की मौत हो गई। जवान करीब 170 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई और अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान टेक्निकल सार्जेंट इयान पैटरसन के रूप में हुई है।

यह हादसा शनिवार को यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट सैन एंटोनियो (यूटीएसए) और नेवी के बीच फुटबॉल मैच से पहले आयोजित फास्ट-रोपिंग प्रदर्शन के दौरान हुआ। यह कार्यक्रम सशस्त्र बलों और पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित ‘सैल्यूट टू आर्म्ड फोर्सेज एंड वेटरन्स’ समारोह का हिस्सा था।

रस्सी के सहारे नीचे उतरते समय हुआ हादसा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन में चार सैन्यकर्मी हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान इयान पैटरसन रस्सी के सहारे नीचे उतर रहे थे, तभी उन्होंने नियंत्रण खो दिया और ऊंचाई से नीचे गिर गए। वह 6वीं कॉम्बैट ट्रेनिंग स्क्वाड्रन की डिटैचमेंट-2 इकाई में तैनात थे और टैक्टिकल एयर कंट्रोल पार्टी (TACP) प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। नेलिस एयर फोर्स बेस के मुताबिक, पैटरसन मूल रूप से जॉर्जिया के फोर्ट स्टीवर्ट के रहने वाले थे। उन्होंने अमेरिकी वायुसेना में 15 वर्षों तक सेवा दी थी।

मैदान पर करीब 10 मिनट तक चला उपचार

हादसे के बाद मैदान पर ही घायल जवान को करीब 10 मिनट तक चिकित्सा सहायता दी गई। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। सैन एंटोनियो एक्सप्रेस-न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जवान को ले जाने से पहले यूटीएसए के कर्मचारियों ने उनके चारों ओर घेरा बना लिया था।

प्रत्यक्षदर्शी एड्रियन कोरी ने केएसएटी को बताया कि हादसे के बाद स्टेडियम में मौजूद दर्शक शांत हो गए और बैंड ने भी प्रस्तुति रोक दी। घटना के चलते मैदान पर चल रही गतिविधियां कुछ समय के लिए ठप हो गईं।

170 फीट ऊंची छत से किया जा रहा था प्रदर्शन

अलामोडोम स्टेडियम का स्वामित्व सैन एंटोनियो शहर के पास है। इसकी छत जमीन से करीब 170 फीट ऊंची है। शनिवार को यूटीएसए और नेवी के बीच मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में लगभग 23,297 दर्शक मौजूद थे। प्रदर्शन में शामिल सैन्यकर्मी एयर कॉम्बैट कंट्रोलर के तौर पर प्रशिक्षण ले रहे थे। इस भूमिका में हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे उतरने और 100 फीट से अधिक ऊंचाई से तेजी से नीचे आने जैसी तकनीकों का अभ्यास शामिल होता है।

हादसे के बावजूद खेल रहा जारी

घटना के बावजूद यूटीएसए रोडरनर्स और नेवी मिडशिपमेन के बीच फुटबॉल मैच जारी रखा गया। मुकाबले में यूटीएसए ने नेवी को 38-34 से हराया।

अमेरिकन कॉन्फ्रेंस ने जवान की मौत पर दुख जताते हुए उनके परिवार, दोस्तों और 57वीं विंग के सहयोगियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कॉन्फ्रेंस के मुताबिक, मैच के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों, अलामोडोम प्रबंधन, स्थानीय अधिकारियों और कमिश्नर टिम पर्नेटी के साथ एक कार्यसमूह ने बैठक की। इसमें उपलब्ध जानकारी की समीक्षा की गई और आगे की कार्रवाई पर चर्चा हुई। कॉन्फ्रेंस ने कहा कि अपने नियमों और दोनों विश्वविद्यालयों के सहयोग से मैच जारी रखने का निर्णय लिया गया। वहीं, हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें-

अमेरिका के लास वेगास एयरपोर्ट पर हादसा, रनवे से आगे निकल गया विमान, बाउंड्री से जा टकराया

कनाडा में चल रहा था युद्ध अभ्यास, तभी सैन्य अड्डे के पास लगी भीषण आग, 4 सैनिकों की मौत, 39 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।