1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. 'यह कोई हादसा नहीं है...', कार ने महिला सांसद को कुचला, ऑस्ट्रेलिया के PM ने कहा- ऐसा जानबूझकर किया गया

'यह कोई हादसा नहीं है...', कार ने महिला सांसद को कुचला, ऑस्ट्रेलिया के PM ने कहा- ऐसा जानबूझकर किया गया

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 19, 2026 05:46 pm IST,  Updated : Oct 19, 2026 06:15 pm IST

ऑस्ट्रेलिया की एक महिला सांसद को एक कार ने टक्कर मार दी है और उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया है। ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज ने कहा है कि ये कोई हादसा नहीं है, संभवत: ये जानबूझकर किया गया है।

australia MP Helen Haines accident pm Anthony Albanese- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया में कार ने महिला सांसद को कुचला। Image Source : X (@HELENHAINESINDI)/PTI

ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत में सोमवार को एक ऐसी घटना देखने को मिली जिसने पूरे देश को हैरान कर के रख दिया है। एक कार ने देश की महिला सांसद हेलेन हेन्स को टक्कर मार दी जिस कारण वह बुरी तरह से घायल हो गई हैं। अब इस घटना को लेकर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने बड़ा बयान जारी किया है। ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बानीज ने कहा है कि ये घटना कोई एक्सीडेंट/हादसा नहीं है। ऐसा लगता है कि ये जानबूझकर किया गया काम है।

क्या है पूरा मामला?

अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ये पूरी घटना विक्टोरिया प्रांत के वांगाराटा में हुई है। यहां 65 वर्षीय सांसद हेलेन हेन्स को उनके चुनावी जिला ऑफिस के बाहर ही एक 'टोयोटा लैंड क्रूजर एसयूवी' (कार) ने टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया है कि आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद एक राहगीर ने कार के ड्राइवर को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। अधिकारियों द्वारा आरोपी की कार से एक चाकू भी जब्त किया गया है। बता दें कि हेलेन हेन्स को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है। हेन्स साल 2019 में  पहली बार संसद के लिए चुनी गई थीं। 

PM अल्बानीज ने क्या कहा?

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा है कि गाड़ी के ड्राइवर ने संभवत: जानबूझकर सांसद हेलेन हेन्स को टक्कर मारी है। पीएम अल्बानीज ने एक बयान में कहा- ''यह दुर्घटना नहीं है। जान पड़ता है कि ऐसा जानबूझकर किया गया। हमें नहीं पता कि ऐसा क्यों किया गया।'' प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने जानकारी दी है कि ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय आतंकवाद-निरोधक टीम इस पूरी घटना की जांच कर रही है। आपको बता दें कि बीते साल सिडनी के बोंडी बीच पर हनुक्का के जश्न के दौरान गोलीबारी हुई थी जिसमें करीब दर्जनभर लोगों की जान चली गई थी। इस हमले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन किसी तरह बच गए थे। 

सांसदों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी

सांसद हेलेन हेन्स के साथ हुई घटना को लेकर पुलिस ने कहा है कि अभी वह इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इस घटना को जानबूझकर अंजाम दिया गया। आपको बता दें कि इस घटना के सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलिया में सांसदों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा गई हैं। ऑस्ट्रेलिया में नेता आम लोगों के लिए काफी आसानी से उपलब्ध रहते हैं और ऐसा देखा जाता है कि वे बिना किसी किसी सुरक्षाकर्मी के अपने काम के लिए आते-जाते रहते हैं। (रिपोर्ट: एपी)

ये भी पढ़ें- Quad देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद बड़ा ऐलान, भारत और अमेरिका ने किया खास फ्रेमवर्क का ऐलान

सिडनी के बॉन्डी बीच पर बड़ा आतंकी हमला, 16 लोगों की मौत; भगदड़ और चीख-पुकार का VIDEO आया सामने

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।