अमेरिका ने अब उन देशों को चेतावनी दी है जो ईरान के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अगर कोई भी देश ईरान के साथ कारोबार जारी रखता है तो ट्रंप प्रशासन उस देश के खिलाफ प्रतिबंध लगाने से नहीं हिचकिचाएगा। दरअसल, मार्को रुबियो ने ये बयान एक सवाल के जवाब में दिया है।
किर्गिस्तान में हुई थी दोनों राष्ट्राध्यक्षों की मुलाकात
बता दें कि मार्को रूबियो से किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में SCO मीटिंग से इतर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात को लेकर सवाल पूछा गया था। रिपोर्टर ने पूछा कि पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पेजेश्कियान और ईरानी अधिकारियों से मुलाकात की। ऐसा लग रहा है कि वे किसी तरह का व्यापार समझौता करने की तैयारी कर रहे हैं।
भारत-ईरान के बीच नहीं हुई ट्रेड डील
इस सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि भारत और ईरान के बीच कोई ट्रेड डील हुई है। जाहिर है हर देश अपनी स्वतंत्र विदेश नीति बनाता है। दुनिया के कई देश ईरानी शासन के साथ बातचीत करते हैं। यहां तक कि हमने भी ईरानी शासन के कुछ लोगों से बैठक की है और उनके साथ संपर्क हुआ है।
कोई भी ना करे पाबंदियों से बचने में ईरान की मदद
आखिर में रुबियो ने कहा कि किसी भी देश को पाबंदियों से बचने में ईरान की मदद नहीं करनी चाहिए। किसी भी देश को ऐसे तरीके बनाने में उनकी मदद नहीं करनी चाहिए जिनसे वे कमाई कर सकें और उस पैसे का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने और परमाणु हथियार बनाने की कोशिश में कर सकें।
ईरान का मिशन अब कुछ ही समय की बात- ट्रंप
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि वो ईरान से युद्ध लगातार जीत रहे हैं। ईरान का मिशन अब कुछ ही समय की बात है और बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। हम वहां बहुत अच्छा कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान की नेवी, एयरफोर्स और आर्मी खत्म हो चुकी है और उनके पास कुछ नहीं है।
होर्मुज पर अब अमेरिका का कंट्रोल- ट्रंप
ट्रंप ने आगे कहा कि अब होर्मुज पर अमेरिका का नियंत्रण है और वहां से कई शिप गुजर रहे हैं। उधर, ट्रंप ने अब होर्मुज के नाम बदलने की बात भी उठाई है। वे बोले थे कि इसका नाम 'ट्रंप स्ट्रेट' क्यों न कर दें।
(इनपुट- ANI)
ये भी पढ़ें- 'अब बदला लेने की मत सोचना, नहीं तो...', ईरान को ट्रंप ने दी चेतावनी, जानें क्या क्या कह दिया