वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और टेस्ला के सीईओ ने कुछ दिन पहले ही DOGE पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके हटते ही अब मस्क के एक बेहद करीबी का भी पत्ता साफ हो गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार देर रात घोषणा की कि नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) का नेतृत्व करने के लिए एलन मस्क के सहयोगी जेरेड इसाकमैन का नाम वह वापस ले रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि वह इसाकमैन के ‘‘पूर्व संबंधों’’ की ‘‘गहन समीक्षा’’ के बाद इस निर्णय पर पहुंचे हैं।
ट्रंप ने मस्क के बाद इसाकमैन को क्यों हटाया?
एलन मस्क के इस्तीफा देते ही आखिरकार ट्रंप ने इसाकमैन को क्यों हटाया, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि ट्रंप ने इस मामले में अपनी बात को विस्तार से नहीं समझाया और न ही इसाकमैन का नाम अचानक नासा प्रमुख से वापस लेने की कोई खास वजह ही बताई। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने भी इस संबंध में भेजे गए ईमेल का कोई उत्तर नहीं दिया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, "पूर्व के संबंधों की गहन समीक्षा के बाद मैं नासा के प्रमुख के लिए जेरेड इसाकमैन का नाम वापस ले रहा हूं।" उन्होंने कहा, ‘‘मैं जल्द ही एक नए उम्मीदवार की घोषणा करूंगा जो मिशन से जुड़ा होगा और अंतरिक्ष में अमेरिका को आगे रखेगा।’’ ट्रंप ने दिसंबर में घोषणा की थी कि उन्होंने इसाकमैन को अंतरिक्ष एजेंसी का अगला प्रशासक चुना है।
कौन हैं इसाकमैन
बता दें कि इसाकमैन (42) मस्क के करीबी सहयोगी रहे हैं। ट्रंप और इसाकमैन में गहरी दोस्ती है। सीनेट की वाणिज्य, विज्ञान और परिवहन समिति ने अप्रैल के अंत में इसाकमैन के नामांकन को मंजूरी दे दी थी और उनके नाम की पुष्टि के लिए सीनेट में शीघ्र मतदान होने की उम्मीद थी। मगर इसी बीच ट्रंप ने इसाकमैन का नाम वापस ले लिया। इससे एलन मस्क भी हैरान हैं।
ट्रंप के फैसले पर क्या बोले मस्क
एलन मस्क ने ट्रंप के इस फैसले पर काफी हैरानी जताई। मस्क ने शनिवार को यह खबर आने के बाद एक सोशलमीडिया पोस्ट के जरिये अपना दुख जाहिर किया। उन्होंने ट्रंप के निर्णय पर अफसोस जताया और एक पोस्ट में लिखा कि ‘‘इतना सक्षम और नेकदिल व्यक्ति मिलना दुर्लभ है। इससे समझा जा सकता है कि ट्रंप का फैसला एलन मस्क को रास नहीं आया। (एपी)