1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप की गाजा योजना को 'पीएम मोदी' का समर्थन मिलने से गदगद हुआ ह्वाइट हाउस, बयान में भारत का किया विशेष जिक्र

ट्रंप की गाजा योजना को 'पीएम मोदी' का समर्थन मिलने से गदगद हुआ ह्वाइट हाउस, बयान में भारत का किया विशेष जिक्र

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Oct 02, 2025 09:33 pm IST,  Updated : Oct 02, 2025 09:33 pm IST

सोमवार को घोषित ट्रंप की 'गाजा संघर्ष को समाप्त करने की व्यापक योजना' में यह भी शामिल है कि गाजा एक कट्टरपंथ और आतंक मुक्त क्षेत्र बनेगा, जो अपने पड़ोसियों के लिए कोई खतरा उत्पन्न नहीं करेगा और इसका पुनर्विकास किया जाएगा।

ह्वाइट हाउस के बाहर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। - India TV Hindi
ह्वाइट हाउस के बाहर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन: गाज में युद्ध विराम के लिए हाल ही में पेश की गई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन मिलने से ह्वाइट हाउस गदगद हो गया है। बुधवार को जारी एक बयान में ह्वाइट हाउस ने गाजा पर ट्रंप की योजना को मिले वैश्विक समर्थन में पीएम मोदी के सपोर्ट का विशेष जिक्र किया है। पीएम के समर्थन के साथ ही अब ट्रंप कीउम्मीदें भी  नोबेल पुरस्कार पाने के लिहाज से बढ़ गई हैं। 

 

ह्वाइट हाइस ने क्या कहा

अमेरिका ने युद्धग्रस्त गाजा में शांति स्थापित करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की "दूरदर्शी" योजना के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक समर्थन का विशेष आभार के साथ उल्लेख किया है। व्हाइट हाउस ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि गाजा में शांति के लिए ट्रंप की योजना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष सराहना भी शामिल है। ट्रंप के इस योजना को गाजा में वर्षों के विनाशकारी युद्ध के बाद संभावित निर्णायक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।

 

ह्वाइट हाउस ने ट्रंप की योजना को बताया परिवर्तनकारी

ह्वाइट हाउस ने अपने बयान में ट्रंप की इस योजना को विभिन्न देशों द्वारा व्यापक समर्थन मिलने के बाद इसे एक महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी कदम के रूप में सराहा है। राष्ट्रपति ट्रंप की व्यापक योजना में शत्रुता को तत्काल समाप्त करने, सभी बंधकों को छोड़ने, निरंतर मानवीय राहत प्रदान करने और गाजा को समृद्धि के केंद्र में बदलने पर जोर दिया गया है।" इसमें यह भी कहा गया कि इस दूरदर्शी योजना को अरब जगत से लेकर पश्चिमी दुनिया के प्रमुख नेताओं ने समर्थन दिया है। बयान में गाजा संघर्ष समाप्त करने के लिए ट्रंप की योजना पर प्रधानमंत्री मोदी सहित अन्य वैश्विक नेताओं की प्रतिक्रियाओं और टिप्पणियों का भी उल्लेख किया गया है।

पीएम मोदी ने ट्रंप की योजना पर क्या कहा था

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा था, "हम गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापक योजना का स्वागत करते हैं। यह फिलस्तीनी और इजरायली लोगों के साथ-साथ पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक और स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास का एक व्यवहार्य मार्ग प्रदान करता है। हमें उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष राष्ट्रपति ट्रंप की पहल पर एकजुट होंगे और इस प्रयास का समर्थन करेंगे।"


इन देशों ने भी किया ट्रंप की योजना का समर्थन

पीएम मोदी के अलावा, सऊदी अरब, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्की, कतर, रूस और मिस्र के विदेश मंत्रियों के संयुक्त वक्तव्य सहित अन्य वैश्विक नेताओं की टिप्पणियां भी बयान में शामिल की गई हैं। इसके अतिरिक्त ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, चीन और फिलस्तीनी प्राधिकरण की टिप्पणियों का भी उल्लेख किया गया है।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश