1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. टेक्सास में क्यों आती है इतनी खतरनाक बाढ़? अब तक 82 लोगों की हो चुकी है मौत

टेक्सास में क्यों आती है इतनी खतरनाक बाढ़? अब तक 82 लोगों की हो चुकी है मौत

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 07, 2025 01:58 pm IST,  Updated : Jul 07, 2025 01:58 pm IST

अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ की वजह से 82 लोगों की मौत हो गई है। ये आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है। ऐसे में आइये यह जानते हैं कि टेक्सास में आने वाली बाढ़ के पीछे क्या वजह हो सकती है?

टेक्सास में बाढ़ ने मचाई तबाही।- India TV Hindi
टेक्सास में बाढ़ ने मचाई तबाही। Image Source : AP

अमेरिका के टेक्सास में अचानक हुई बारिश के बाद बाढ़ आ गई। इलाके में इतने कम समय में बाढ़ की स्थिति बन गई कि लोगों को बचाव के लिए समय तक नहीं मिला। वहीं बाढ़ से जुड़ी घटना में अब तक 82 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि टेक्सास की बाढ़ में जान गंवाने वालों में गर्मी की छुट्टियों में आयोजित शिविर में भाग ले रहे कई बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल मौके पर बचाव का कार्य जारी है। 

बारिश को लेकर गवर्नर ने किया अलर्ट

अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या अभी और अधिक बढ़ सकती है। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट के मुताबिक टेक्सास राज्य में 41 लोग लापता अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। गवर्नर ने चेतावनी दी कि मंगलवार तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है। 

टेक्सास में कब-कब आई बाढ़

टेक्सास में पहले भी बाढ़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अमेरिका के अन्य राज्यों में इस तरह के हालात नहीं बनते जैसा टेक्सास में हुआ है। इससे पहले 1987 में टेक्सास में भीषण बाढ़ आई थी, जिसमें ज्यादा तबाही मची। वहीं मई 2015 में टेक्सास में बाढ़ की वजह से 31 लोगों की मौत हो गई थी और हजारों घर और वाहन नष्ट हो गए थे। इसके अलावा 2017 में करीब 100 लोगों की मौत हरिकेन हार्वे की वजह से हुई। 

टेक्सास में बाढ़ की वजह 

दरअसल, टेक्सास में बाढ़ की तीव्रता इतनी तेज थी, लोगों को इससे बचने का मौका तक नहीं मिल पाया। यहां आने वाली बाढ़ का मुख्य कारण अचानक और भारी बारिश को माना जा रहा है। इसके अलावा यहां की भौगोलिक स्थिति और जलवायु परिवर्तन भी इस बाढ़ के प्रमुख कारणों में से एक हैं। इलाके में शहरीकरण और प्राकृतिक जल निकासी प्रणालियों का बाधित होना भी बाढ़ के प्रभाव को बढ़ाता है। 

फिलहाल टेक्सास के प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें, बिजली लाइनें और इमारतें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस वजह से राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं मौसम विभाग पर बाढ़ की गंभीरता का सटीक अनुमान न लगाने के लिए आलोचना की भी गई।

इस साल कैसे आई बाढ़?

दरअसल, टेक्सास में जुलाई 2025 की बाढ़ का मुख्य कारण कुछ ही घंटों में हुई तेज बारिश का होना है। यहां कुछ ही समय के भीतर 10-15 इंच बारिश हो गई थी, जिसके कारण ग्वाडालूप नदी का जलस्तर 90 मिनट में 20-29 फीट तक बढ़ गया। यह 1987 के बाद का सबसे खतरनाक स्तर था। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, पानी इतनी तेजी से बढ़ा कि लोगों को प्रतिक्रिया देने का समय नहीं मिला।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश