1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी हमले के बाद भी ईरान बनाएगा परमाणु बम? 400 किलो यूरेनियम का भंडार गायब, खुद जेडी वेंस ने की पुष्टि

अमेरिकी हमले के बाद भी ईरान बनाएगा परमाणु बम? 400 किलो यूरेनियम का भंडार गायब, खुद जेडी वेंस ने की पुष्टि

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 24, 2025 11:42 pm IST,  Updated : Jun 24, 2025 11:42 pm IST

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरानी परमाणु स्थल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए हैं लेकिन वह इस बात को लेकर पूरी तरह निश्चित नहीं हैं।

JD Vance- India TV Hindi
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस Image Source : AP/FILE

वाशिंगटन: अमेरिका ने ईरान के 3 परमाणु स्थलों पर हमला किया था, जिसके बाद ऐसा कहा जा रहा था कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के लक्ष्य से पीछे हट गया है। लेकिन ताजा मामला चौंकाने वाला है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एबीसी न्यूज को बताया कि पिछले सप्ताह ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर अमेरिका के हवाई हमलों के बाद यूरेनियम का 400 किलोग्राम भंडार गायब हो गया है, जो 10 परमाणु हथियार बनाने के लिए पर्याप्त है। 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम को ईरान के प्रमुख स्थलों पर संग्रहीत किया गया था और अब माना जाता है कि हमले से पहले इसे हटा दिया गया था।

वेंस ने और क्या कहा?

वेंस ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरानी परमाणु स्थल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए हैं लेकिन वह पूरी तरह निश्चित रूप से ये नहीं कह सकते। वेंस ने कहा कि ट्रंप प्रशासन पिछले हफ्ते ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के बाद गायब हुए 900 पाउंड (लगभग 400 किलोग्राम) यूरेनियम के संबंध में आने वाले हफ्तों में ईरान के साथ बातचीत करेगा।

एबीसी न्यूज से बात करते हुए, वेंस ने कहा, "हम आने वाले हफ्तों में यह सुनिश्चित करने के लिए काम करने जा रहे हैं कि हम उस ईंधन के साथ कुछ करें, और यह उन चीजों में से एक है जिसके बारे में हम ईरानियों के साथ बातचीत करने जा रहे हैं।"

वेंस ने कहा कि ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य फ़ोर्डो परमाणु स्थल को निशाना बनाना था। जाहिर है, अन्य साइटों को भी कुछ नुकसान पहुंचा होगा लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि फोर्डो परमाणु साइट को काफी नुकसान पहुंचाया गया था, और यही हमारा लक्ष्य था।

इजरायली अधिकारियों का यूरेनियम को लेकर क्या कहना है?

इजरायली अधिकारियों ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि ईरान, हमले से पहले यूरेनियम के भंडार और उपकरणों को गुप्त स्थान पर ले गया होगा। अमेरिकी हमलों से पहले ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में फोर्डो परमाणु स्थल के बाहर 16 ट्रकों का काफिला दिखाई दिया, जो एक पहाड़ के अंदर बना एक बहुत ही सुरक्षित स्थल है और मिसाइल हमलों के लिए लगभग सुरक्षित माना जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश