1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. "ट्रंप से बातचीत के बाद ईरान पर भीषण हमला टाला", सीजफायर पर बेंजामिन नेतन्याहू का बयान

"ट्रंप से बातचीत के बाद ईरान पर भीषण हमला टाला", सीजफायर पर बेंजामिन नेतन्याहू का बयान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 24, 2025 07:55 pm IST,  Updated : Jun 24, 2025 08:21 pm IST

ईरान के साथ सीजफायर पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बयान सामने आया है। नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के खिलाफ एक बड़े हमले को टाल दिया है।

बेंजामिन नेतन्याहू- India TV Hindi
बेंजामिन नेतन्याहू Image Source : PTI

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत के बाद ईरान के खिलाफ एक बड़े हमले को टाल दिया है। नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि इजरायल ने मंगलवार तड़के ईरानी मिसाइल हमले के जवाब में एक ईरानी रडार को निशाना बनाया। उसने कहा, प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ राष्ट्रपति ट्रंप की बातचीत के बाद इजराइल ने अतिरिक्त हमले नहीं किए।

सीजफायर के उल्लंघन का आरोप

दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सीजफायर का ऐलान करने के बाद भी इजरायल ने आरोप लगाया था कि ईरान उस पर मिसाइलों से हमले कर रहा है। इसके बाद इजरायल ने भी ईरान पर हमला करने के लिए अपने फाइटर प्लेन भेजे थे। इजरायल को चेतावनी देते हुए ट्रंप ने कहा, "ईरान पर बम मत गिराओ। ऐसा करना सीजफायर का बड़ा उल्लंघन होगा। अपने पायलटों को तुरंत वापस बुलाओ।"

सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा, "इजरायल ईरान पर हमला नहीं करने जा रहा है। सभी विमान वापस लौट जाएंगे। किसी को भी नुकसान नहीं होगा, सीजफायर प्रभावी है!" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें ईरान में शासन परिवर्तन की उम्मीद नहीं है।

मैं इजराइल से खुश नहीं हूं- ट्रंप

इससे पहले दिन में, हेग में नाटो शिखर सम्मेलन के लिए रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर के लागू होने के बाद भी जारी हमलों पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, "उन्होंने इसका उल्लंघन किया, लेकिन इजरायल ने भी इसका उल्लंघन किया।" ट्रंप ने विशेष रूप से इजरायल की कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "मैं इजराइल से खुश नहीं हूं। मुझे यह बात पसंद नहीं आई कि हमारे साथ समझौता होने के तुरंत बाद ही इजरायल ने हमला शुरू कर दिया। और अब मैं सुन रहा हूं कि इजराइल ने सिर्फ इसलिए कदम उठाया, क्योंकि उन्हें लगा कि एक रॉकेट ने उनकी सीमा का उल्लंघन किया है, जो कहीं गिरा ही नहीं।"

इजरायल का आरोप

इजरायल की ओर से कहा गया था कि ईरान ने सीजफायर शुरू होने के बाद मिसाइलों से हमला किया। मिसाइल हमलों को बाद इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इजरायली सेना को कड़ा जवाब देने का निर्देश दिया था। काट्ज ने कहा था कि सीजफायर के प्रभावी होने के बाद मिसाइल हमले करके ईरान ने इसका पूरी तरह से उल्लंघन किया है।

ईरान ने किया हमले से इनकार

ईरान की सेना ने इस बात से इनकार किया कि उसने युद्ध विराम शुरू होने के कुछ घंटों बाद इजरायल पर मिसाइलें दागी थीं। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने ईरान के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के हवाले से यह जानकारी दी। खबर में हमला करने से इनकार किया गया। जनरल स्टाफ में ईरान की नियमित सेना और अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड शामिल हैं।

ये भी पढ़ें-

डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को दी चेतावनी, कहा- 'तुरंत अपने पायलटों को वापस बुलाओ'

Watch: ईरान पर हमला करने के लिए B-2 बॉम्बर्स ने कैसे भरी थी उड़ान? देखें वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश