1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Video: जमुई में मंत्री सुमित कुमार और पूर्व MLC संजय प्रसाद के बीच नोंकझोक, मंच पर समर्थकों के बीच हाथापाई

Video: जमुई में मंत्री सुमित कुमार और पूर्व MLC संजय प्रसाद के बीच नोंकझोक, मंच पर समर्थकों के बीच हाथापाई

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 13, 2025 04:00 pm IST,  Updated : Sep 13, 2025 04:10 pm IST

जमुई के चकाई विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक के दौरान बीच में मंत्री सुमित कुमार और संजय प्रसाद भी आ गए। इन दोनों के बीच भी बहस हुई।

मंत्री सुमित कुमार और पूर्व MLC संजय प्रसाद के बीच नोंकझोक- India TV Hindi
मंत्री सुमित कुमार और पूर्व MLC संजय प्रसाद के बीच नोंकझोक Image Source : REPORTER INPUT

जमुईः बिहार के जमुई के एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में उस समय हंगामा हो गया जब एक-दूसरे के धुर विरोधी मंत्री सुमित कुमार और पूर्व MLC संजय प्रसाद आपस में भिड़ गए। मंच पर दोनों के बीच नोंकझोक होते देख समर्थक भी बीच में कूद पड़े। दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच तू-तू-मैं-मैं के साथ हाथापाई भी हुई। इसका वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक जमुई चकाई विधानसभा क्षेत्र के सोनो प्रखंड अंतर्गत बटिया दहियारी इलाके में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन शनिवार को हंगामा हो गया। मंच पर मौजूद बिहार सरकार के मंत्री सुमित कुमार और पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद के बीच वर्चस्व की लड़ाई खुलेआम देखने को मिली। 

दोनों तरफ से लाठी डंडे चलने की नौबत 

जमुई में जैसे ही सम्मेलन शुरू हुआ। दोनों नेताओं के समर्थक अपने-अपने नेता के पक्ष में जमकर नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते नारेबाजी तीखी बहस में और फिर हाथापाई में बदल गई। मंत्री सुमित कुमार और एमएलसी संजय प्रसाद स्वयं भी इस विवाद में शामिल हो गए। दोनों के बीच तू-तू-मैं-मैं हुई। मंच पर दोनों तरफ से लाठी डंडे चलने की नौबत आ गई। जमकर धक्का मुक्की भी हुई। 

यहां देखें वीडियो

सुरक्षाकर्मियों ने मामले को कराया शांत

स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षा में तैनात पुलिस बल हरकत में आया और दोनों पक्षों को शांत कराया। वहीं, मंच पर मौजूद अन्य नेताओं ने भी माहौल को नियंत्रित करने का प्रयास किया। 

हंगामे के बाद मंच से चले गए संजय प्रसाद

स्थानीय स्तर पर यह घटना एनडीए के अंदरूनी खींचतान और आपसी वर्चस्व की लड़ाई को उजागर करती है। सम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को एकजुट करना था, लेकिन नतीजा उल्टा हो गया और यह शक्ति प्रदर्शन का अखाड़ा बन गया। हालांकि हंगामा होने के बाद पूर्व MLC संजय प्रसाद अपने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल से चले गए। 

दोनों के बीच लंबे समय से चला आ रहा है विवाद

बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव के वक्त से ही दोनों के बीच तनाव बना हुआ है। कई बार एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप व बयानबाजी कर चुके हैं। फिलहाल दोनों जेडीयू में ही हैं। संजय प्रसाद पूर्व में आरजेडी से MLC थे।

रिपोर्ट- मो. अंजुम आलम, जमुई

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।