1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, हाथ पर लिखे नाम और मोबाइल नंबर से हुई पहचान

पटना में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, हाथ पर लिखे नाम और मोबाइल नंबर से हुई पहचान

 Published : Aug 22, 2026 05:52 pm IST,  Updated : Aug 22, 2026 06:35 pm IST

पटना के लोहा के पुल के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने रेलवे पुलिस को दी।

पटना ट्रेन हादसा- India TV Hindi
पटना ट्रेन हादसा Image Source : INDIA TV

बिहार के पटना के लोहा पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से करीब 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पटना साहिब जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद काफी देर तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। रेलवे पुलिस युवक की पहचान कराने में जुटी हुई थी।

शुरू में नहीं हो पा रही थी मृतक की पहचान

मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस के लिए यह मामला चुनौती बना हुआ था। इसी दौरान पटना साहिब जीआरपी के सहायक सब इंस्पेक्टर बृज किशोर पांडे की नजर युवक के हाथ पर पड़ी। युवक के हाथ पर नाम और मोबाइल नंबर लिखा हुआ था।

पुलिस ने उसी मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश शुरू की। इसके बाद पटना साहिब जीआरपी के सब इंस्पेक्टर मन्नू कुमार ने मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। परिजनों से बातचीत के बाद युवक की पहचान सौरभ कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता स्वर्गीय शिव कुमार प्रसाद, निवासी नवी नगर गांव, थाना दीपनगर, जिला नालंदा के रूप में हुई।

सुन और बोल नहीं सकता था मृतक

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सौरभ सुन और बोल नहीं सकता था। परिवार के मुताबिक, वह श्रवण और वाणी संबंधी समस्या से जूझ रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोग पटना के लिए रवाना हुए। 

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

फिलहाल जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सौरभ रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। पटना साहिब जीआरपी मामले की जांच में जुटी है, जबकि सौरभ की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।