1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बख्तियारपुर में घर में आग लगने से 3 लोगों की मौत, मामी और नानी के साथ जिंदा जली 6 माह की मासूम

बख्तियारपुर में घर में आग लगने से 3 लोगों की मौत, मामी और नानी के साथ जिंदा जली 6 माह की मासूम

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 23, 2026 08:06 am IST,  Updated : Aug 23, 2026 08:06 am IST

बच्ची के माता-पिता ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनकी मासूम बेटी को नहीं बचाया जा सका। इस घटना में मृतक लड़की की मां का पैर भी टूट गया। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Patna Fire- India TV Hindi
आग पर काबू पाने की कोशिश करते दमकलकर्मी Image Source : REPORTER INPUT

बिहार की राजधानी पटना से करीब 50 किलोमीटर दूर बख्तियारपुर में शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ। पुरानी बाइपास स्थित बाइक पार्ट्स की दुकान और उससे जुड़े मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में सास-बहू और छह महीने की मासूम बच्ची की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, बच्ची के माता-पिता ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान बच्ची की मां का पैर टूट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बख्तियारपुर के पुरानी बाइपास इलाके में शनिवार शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बाइक पार्ट्स की दुकान और उसके पीछे बने मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दुकान के पीछे बने मकान में दुकान संचालक पंकज कुमार का परिवार रहता था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

तीन लोग जिंदा जले

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया। इस भीषण हादसे में 45 वर्षीय रीमा देवी, उनकी 70 वर्षीय सास गीता देवी और छह महीने की मासूम सुंदरी कुमारी की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रीमा देवी, गीता देवी और छह माह की सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रीमा देवी दुकान संचालक पंकज कुमार की पत्नी थीं, जबकि गीता देवी उनकी मां थीं। वहीं, छह महीने की बच्ची सुंदरी कुमारी रिश्ते में उनकी भगिनी बताई जा रही है।

दो लोगों ने छत से कूदकर बचाई जान

जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने माता-पिता के साथ बख्तियारपुर आई थी। नवादा के हिसुआ निवासी बच्ची की मां मोनी कुमारी और पिता शिवम कुमार आग से बचने के लिए मकान की छत पर पहुंचे और वहां से नीचे कूद गए। इस दौरान मोनी कुमारी का पैर टूट गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

आग लगने के कारण साफ नहीं

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग लगने की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। बख्तियारपुर की इस घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सास-बहू और मासूम बच्ची की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। अब पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि आखिर दुकान और मकान में आग किस वजह से लगी।

(पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पटना में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, हाथ पर लिखे नाम और मोबाइल नंबर से हुई पहचान

सीतामढ़ी में कोचिंग से घर लौटीं तीन छात्राएं, अचानक बिगड़ी तबीयत, दो की मौत, एक की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।