1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बांका: दुल्हन करती रही इंतजार, बारात निकलने से पहले आया हार्ट अटैक, मौत से खुशी मातम में बदली

बांका: दुल्हन करती रही इंतजार, बारात निकलने से पहले आया हार्ट अटैक, मौत से खुशी मातम में बदली

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 26, 2025 02:50 pm IST,  Updated : Apr 26, 2025 02:50 pm IST

शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी, लेकिन बारात निकलने से पहले दूल्हे के दादा को हार्ट अटैक आ गया और उनकी मौत हो गई। इसके बाद सभी खुशियां मातम में बदल गईं।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

बांका के शम्भूगंज प्रखंड में बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे के दादा की मौत हो गई। इस घटना से दुल्हन सहित सभी परिवारजन हैरान और दुखी हैं। दो परिवारों में खुशी का दिन अचानक गम में बदल गया। बांका में दुल्हन सपना कुमारी अपने जीवनसाथी का इंतजार कर रही थी। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इंतजार कर रही दुल्हन को जब होने वाले पति के दादा की मौत के बारे में पता चला तो उसकी खुशियां गम में बदल गईं।

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के विरनौधा गांव में स्वर्गीय उत्तम मंडल की पुत्री सपना कुमारी की शादी भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड के दिनदयालपुर गांव निवासी प्रभास मंडल के पुत्र विभाष कुमार से तय हुई थी। शादी की सभी पूर्व रस्में धूमधाम से पूरी कर ली गई थीं। लेकिन न बारात आई और न सेहरा बांधे दूल्हा। फिर देर रात एक मनहूस खबर आई, जिसने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। जानकारी मिली कि विभाष कुमार के दादा सुरेश मंडल की बारात निकलने के समय अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

गम में बदल गईं खुशियां

दुल्हन सपना कुमारी, जो पिया के नाम की मेंहदी लगा दूल्हे के सपने देख रही थी, एक पल में ही टूटकर रह गई। बारात का इंतजार कर रहे परिवार और ग्रामीणों की खुशी भी गम में बदल गई। मंडप में गूंजती शहनाइयों की आवाज थम गई और पंडाल में सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि हलवाई भोज बना चुके थे, सजी-धजी मंडप में बारात के स्वागत की सारी तैयारी थी। लेकिन अचानक मिली इस दुखद सूचना ने सब कुछ बदल दिया। जहां शादी की तैयारी हो रही थी, वहां अब शोक सभा का माहौल बन गया।

यह दर्दनाक घटना शंभूगंज और आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बन गई है। लोग कह रहे हैं कि ऐसी विडंबना शायद ही कभी देखी गई हो, जब बारात निकलने से पहले ही दूल्हे के दादा की मौत ने सब कुछ बदल कर रख दिया।

(बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।