1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 300 रुपये के लिए पीट-पीटकर मार डाला, बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा, 6 घायल

300 रुपये के लिए पीट-पीटकर मार डाला, बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा, 6 घायल

 Published : Nov 08, 2024 11:33 pm IST,  Updated : Nov 09, 2024 04:10 pm IST

बिहार के नालंदा में 300 रुपये नहीं मिलने पर शख्स ने पीट-पीटकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

नालंदा में 300 रुपये के लिए पीट-पीटकर मार डाला - India TV Hindi
नालंदा में 300 रुपये के लिए पीट-पीटकर मार डाला Image Source : INDIA TV

नालंदाः बिहार के नालंदा जिले में महज 300 रुपये के लिए एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और 6 लोग जख़्मी हो गए। घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव की है जहां सदन मिस्त्री के यहां गांव के ही मिठू यादव का 300 रुपये बकाया था। बकाया रुपये को मांगने मिठू यादव और उसके सहयोगी नशे की हालत में सदन मिस्त्री के घर के पास पहुंचे। इस पर सदन मिस्त्री ने बाद में रुपये लौटने की बात कही तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

बीच बचाव करने आये परिवार के 6 लोग जख़्मी 

आरोप है कि मिठू ने गाली गलौज करते हुए सदन मिस्त्री को लाठी डंडे से मारकर लहू-लुहान कर दिया। इस दौरान बीच बचाव करने आये परिवार के 6 लोग जख़्मी हो गए। सभी लोगों को इलाज के लिए पावापुरी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने सदन मिस्त्री को मृत घोषित कर दिया। बाकी अन्य का इलाज चल रहा है। 

वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार

मृतक के बेटे का आरोप है पिता घर के पास बैठे थे। इसी दौरान 300 रुपये मांगने मिठू यादव और उसके सहयोगी आये। रुपये नहीं देने पर मिठू ने पिता को पीट-पीटकर मार डाला। मृतक के बेटे ने बताया कि पिता ने उन लोगों को कहा कि छठ पूजा के बाद पैसे दे दूंगा लेकिन वे लोग नहीं माने। आरोपी अपने घर से लाठी-डंडे लेकर आए और मारपीट करने लगे। इस घटना में 4-5 लोग शामिल हैं। 

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

इस मामले में नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने संतोष समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- शिव कुमार, नालंदा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।