बिहार के बेतिया जिले से सरेआम पिटाई का वीडियो सामने आया है। जहां काली बाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा के नजदीक एक फाइनेंस कर्मचारी की महिला द्वारा पिटाई की गई। बीच सड़क पर शनिवार दोपहर करीब दो बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक फाइनेंस कंपनी के कर्मी ने सड़क पर एक मोटरसाइकिल को जबरन रोक लिया।
एक घंटे तक चलता रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा
बाइक पर बैठी महिला इस व्यवहार से नाराज हो गई और देखते ही देखते फाइनेंस कर्मी का कॉलर पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान करीब एक घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बाइक सवार से दुर्व्यवहार कर रहा था फाइनेंस कर्मी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाइनेंस कर्मी सड़क पर दबंगई दिखाते हुए बाइक सवार से दुर्व्यवहार कर रहा था। इसी बात पर महिला भड़क उठी और उसने फाइनेंस कर्मी को सबक सिखा दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
दो महीने से नहीं जमा हुई थी बाइक की किस्त
बताया जा रहा है कि संबंधित बाइक लोन पर ली गई थी और पिछले दो महीनों से किस्त जमा नहीं हुई थी। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। काली बाग थाना पुलिस ने फाइनेंस कर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि सड़क पर इस तरह की जबरन वसूली और मनमानी कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बेतिया से सुमित कुमार की रिपोर्ट