बिहार के भोजपुर जिले में एक बार फिर से खुलेआम पुलिस को चुनौती देते हुए दो पक्षों में गोलीबारी हुई। शादी में बारात के समय हुई गोलीबारी की घटना में दो की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव का है।
देखते ही देखते खूनी विवाद में बदली लड़ाई
जहां पर पूर्व विवाद को लेकर गांव में ही बारात लगने के समय मारपीट की घटना हुई। देखते ही देखते विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के ही नामजद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दो युवक राहुल और सोनू की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बीच-बचाव कर रहे तीन लोगों को भी मौके पर गोली लगी और वह घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम
इन घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां दो लोगों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही भोजपुर एसपी मिस्टर राज सहित भारी संख्या में पुलिस बल लहरपा गांव पहुंच गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव
पुलिस की टीम मामले की छानबीन में जुट गई है। फिलहाल इस पूरे मामले पर अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अब जगह-जगह छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पूरा मामला पहले के पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- मनीष सिंह