1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: आधी रात में प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की आई आफत, बिजली के खंभे से बांधकर पहले पिटाई की फिर करवा दी शादी

बिहार: आधी रात में प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की आई आफत, बिजली के खंभे से बांधकर पहले पिटाई की फिर करवा दी शादी

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 08, 2026 11:37 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 11:37 pm IST

बिहार के समस्तीपुर के एक युवा को वैशाली जाकर अपनी प्रेमी से आधी रात में मिलना महंगा पड़ गया। प्रेमी को ग्रामीणों ने केवल पकड़ा बल्कि उसकी पिटाई के बाद उसका निकाह भी करवा दिया।

Bihar- India TV Hindi
समस्तीपुर के एक युवक की पिटाई, जबरदस्ती निकाह भी करवाया Image Source : REPORTER INPUT

समस्तीपुर: बिहार के वैशाली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी की हालत उस वक्त खराब हो गई, जब वह प्रेमिका से मिलने आधी रात में पहुंच गया। दरअसल गांववालों ने प्रेमी को पकड़ लिया और फिर उसकी बिजली के खंबे से बांधकर पिटाई कर दी।

मामला यहीं शांत नहीं हुआ बल्कि पंचायत बिठाई गई और फिर फरमान सुनाया गया कि लड़के को लड़की से निकाह करना होगा। इसके बाद फौरन मौलवी साहब को बुलाया गया और प्रेमी-प्रेमिका का निकाह करवा दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

बिहार के वैशाली से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहां एक प्रेमी को अपनी प्रेमिका से आधी रात को मिलना इतना महंगा पड़ा कि उसे बिजली के खंभे से बांध दिया गया। जमकर पिटाई हुई, पंचायत बैठी और फिर जो हुआ वो किसी फिल्मी क्लाइमेक्स से कम नहीं था।

मामला बिहार के वैशाली के बलिगांव का है। प्रेमी युवक समस्तीपुर के कल्याणपुर का रहने वाला है। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि लग 'इश्क' के जुनून में जिला पार करके अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंच गया। रात का अंधेरा था, मुलाकात चोरी-छिपे थी, लेकिन गांव वालों की नजरें चील जैसी तेज निकलीं।

जैसे ही ग्रामीणों को शक हुआ, उन्होंने घेराबंदी कर दी। फिर क्या था? प्रेमी पकड़ा गया। पहले सवाल-जवाब हुए और जब बात नहीं बनी, तो शुरू हुआ 'तालिबानी इंसाफ'। युवक को बिजली के पोल से बांध दिया गया और फिर जो हाथ लगा लाठी-डंडे से उसकी कुटाई शुरू हो गई। शोर सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सुबह हुई तो मामला पंचायत की चौखट पर पहुंचा। एक तरफ जख्मी प्रेमी था, दूसरी तरफ बदहवास प्रेमिका। पंचायत ने न पुलिस बुलाई, न कानून का इंतजार किया। मौके पर ही 'तुगलकी फरमान' सुनाया गया। अगर प्यार किया है, तो निकाह भी अभी होगा।

आनन-फानन में मौलवी साहब बुलाए गए। खंभे की मार झेल चुके प्रेमी ने लड़खड़ाती आवाज में कहा 'निकाह कबूल है।' प्रेमिका ने भी रजामंदी दी। देखते ही देखते पिटाई वाली जगह 'निकाह मंडप' में बदल गई। निकाह संपन्न हुआ और फिर ग्रामीणों ने ही नवविवाहित जोड़े को विदा कर दिया। अब ये शादी कानूनन कितनी जायज है, ये अलग बात है, लेकिन वैशाली की ये घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। (रिपोर्ट- समस्तीपुर से सुनील कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।