1. Hindi News
  2. बिहार
  3. चुनावी राजनीति में प्रशांत किशोर की एंट्री, विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व उप सेना प्रमुख को बनाया उम्मीदवार

चुनावी राजनीति में प्रशांत किशोर की एंट्री, विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व उप सेना प्रमुख को बनाया उम्मीदवार

 Published : Oct 16, 2024 03:34 pm IST,  Updated : Oct 16, 2024 03:57 pm IST

चुनावी राजनीति में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने एंट्री ले ली है। जन सुराज ने बिहार में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए तरारी सीट से पूर्व उप सेना प्रमुख को उम्मीदवार बनाया है।

जन सुराज लड़ेगी बिहार विधानसभा उपचुनाव।- India TV Hindi
जन सुराज लड़ेगी बिहार विधानसभा उपचुनाव। Image Source : X (@JANSURAJ)

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने आगामी बिहार विधानसभा उपचुनाव में अपने उम्मीदवारों को खड़ा करने का ऐलान किया है। जन सुराज ने बिहार की तरारी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पूर्व उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बता दें कि चुनाव आयोग ने मंगलवार को बिहार की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया है।

सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी जनसुराज

पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी जन सुराज के अध्यक्ष मनोज भारती ने तरारी विधानसभा सीट पर आगामी उपचुनाव के लिए पूर्व उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिंह के नाम की घोषणा की है। पार्टी ने कहा है कि तीन अन्य सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी वह उम्मीदवारों के नाम का ऐलान जल्द ही करेगी।

कौन हैं एस के सिंह?

लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिंह भारतीय सेना के पूर्व उप सेना प्रमुख पद पर रह चुके हैं। प्रशांत किशोर ने बताया है कि दिवंगत एस के सिन्हा के अलावा बिहार से सेना के एकमात्र उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिंह ही रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसके सिंह की उम्मीदवारी तरारी के लिए गर्व की बात है। जन सुराज ने आगे ये भी बताया है कि लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिंह ने 2001-2003 के बीच भारतीय सेना के ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन मेघदूत में सियाचीन ब्रिगेड का नेतृत्व किया था। उन्हें अपने योगदान के लिए अति विशिष्ट सेवा मेडल और उत्तम युद्ध सेवा मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है। इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने कहा कि वह अग्निवीर योजना से खुश नहीं हैं। संभव है सरकार भविष्य में शॉर्ट सर्विस कमीशन की तर्ज पर इस योजना में संशोधन करे। उन्होंने कहा कि मेरे बच्चे विदेश में बस गए हैं और मेरी पत्नी अब नहीं रहीं। वह तरारी से ही ताल्लुक रखते हैं। रिटायरमेंट के बाद वह साल 2013 से दिल्ली-एनसीआर में रह रहे हैं।

किन सीटों पर हैं उपचुनाव?

चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, बिहार की चार विधानसभा सीटों- बेलागंज, इमामगंज, रामगढ़ और तरारी पर 13 नवंबर को उपचुनाव के तहत वोटिंग होगी। वहीं, 23 नवंबर के तारीख को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ ही इनके भी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- बिहार में 4 सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को, जानिए कौन कितनी सीट पर लड़ रहा?

VIDEO: काफिले के साथ सरेंडर करने निकले बाहुबली मुन्ना शुक्ला, बृजबिहारी केस में मिली है सजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।