बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में वोटों की गिनती से पहले मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह के घर पर विशाल भोज की तैयारी शुरू हो चुकी है। बाहुबली नेता भले ही दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं, लेकिन उनके समर्थकों को जीत का पूरा विश्वास है। इसी वजह से जीत का ऐलान होने से पहले ही जश्न की तैयारियां बड़े पैमाने पर शुरू हो चुकी हैं। अनंत सिंह के पटना वाले सरकारी आवास पर पिछले दो दिन से जश्न की तैयारी चल रही है।
बाहुबली अनंत सिंह के पटना माल रोड स्थित सरकारी आवास पर महाभोज की तैयारियां हो रही हैं। करीब 15 से 20 हजार लोगों के खाने की तैयारी की गयी है। पंडाल लग चुके हैं। करीब एक दर्जन चूल्हे लगातार जल रहे हैं।
2 लाख रसगुल्ले बन रहे
करीब 2 लाख रसगुल्ले और काले जामुन तैयार किए जा रहे हैं। 48 हलवाई खाना बनाने में लगे हैं। तैयारियां का जायजा लंदन से अनंत सिंह के बेटे वीडियो कॉल से ले रहे हैं। खाने में पूरी-सब्जी, रसगुल्ले के साथ पुलाव, रायता और चटनी भी होगी। भोज मे पटना और मोकामा के लोग आएंगे, सुबह 10 बजे से भोज की तैयारी की गयी है, तब तक रुझान भी आ चुके होंगे। 23,000 स्क्वायर फीट के क्षेत्र में टेंट-पंडाल लगा है। मिठाइयां बनाने के लिए 10 हजार लीटर दूध भी मंगवाया गया है। अनंत सिंह के घर चल रही तैयारी पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
वीणा देवी से अनंत का मुकाबला
मोकामा विधानसभा सीट पर आरजेडी ने सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया था। वहीं, जेडीयू ने अनंत सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया। इन दोनों बाहुबली नेताओं के बीच पुरानी प्रतिद्वंद्विता रही है। हालांकि, चुनाव के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। वह जनसुराज की रैली में शामिल थे। हत्या के आरोप अनंत सिंह पर लगे थे। ऐसे में चुनाव की समीकरण बदल गए। मोकामा की जनता ने किसे चुना है, यह शुरुआती रुझान आने के साथ ही बहुत हद तक साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें-
Bihar Chunav Results 2025: कब, कहां-कैसे देखें बिहार विधानसभा चुनाव के सटीक नतीजे? यहां जानें सबकुछ