Monday, February 09, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election Live: 'आरजेडी-कांग्रेस को 65 वोल्ट का झटका लगा', सीतामढ़ी में बोले पीएम मोदी

Bihar Election Live: 'आरजेडी-कांग्रेस को 65 वोल्ट का झटका लगा', सीतामढ़ी में बोले पीएम मोदी

बिहार में पहले चरण का मतदान समाप्त हो गया है। वहीं अब दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। आज बिहार में पीएम मोदी सहित कई बड़े नेताओं की चुनावी रैली होनी है। बिहार चुनाव से जुड़ी हर अपडेट यहां देखें।

Edited By: Amar Deep @amardeepmau
Published : Nov 08, 2025 06:49 am IST, Updated : Nov 08, 2025 11:49 pm IST
PM Modi- India TV Hindi
Image Source : X/BJP पीएम नरेंद्र मोदी

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। यहां गुरुवार को पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। इसके बाद अब सभी दलों का पूरा जोर दूसरे चरण के लिए है। दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार तेज हो गया है। दिन भर अलग-अलग जगहों पर दोनों गठबंधन के नेताओं ने रैलियां की। इस पूरे चुनाव प्रचार के बीच कहां-क्या हो रहा है, ये जानने के लिए यहां जुड़े रहें। 

Bihar Assembly Election 2025 Live

Auto Refresh
Refresh
  • 3:42 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    आरजेडी कांग्रेस के चलते बिहार के सामने पहचान का संकट: सीएम योगी

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गया जी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस और RJD के कारण कभी बिहार के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। चंद्रगुप्त के दौर में भारत को स्वर्णयुग को लाने वाला बिहार, कांग्रेस और राजद के कारण पहचान के संकट के दौर से गुजरा था। दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय का गौरव देने वाला बिहार लालटेन की धुंधली रोशनी में पहचान के लिए मोहताज हो गया था।"

  • 3:38 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    अगले पांच साल में बिहार से सभी घुसपैठियों को निकाल देंगे: अमित शाह

    सुपौल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि "क्या आप चाहते हैं कि बिहार का मुख्यमंत्री 'घुसपैठिये' से तय हो? क्या बिहार से घुसपैठियों को निकाला जाना चाहिए? राहुल गांधी ने 'घुसपैठिया बचाओ यात्रा' निकाली।उन्होंने घुसपैठियों को बचाने के लिए यात्रा निकाली। मैं सुपौल के लोगों से वादा करता हूं कि अगले 5 सालों में हम सीमांचल और बिहार बिहार से सभी घुसपैठियों को निकाल देंगे। उनकी अवैध गतिविधियों को भी समाप्त करेंगे और सभी अवैध अतिक्रमण को भी हटाएंगे।

     

  • 3:02 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर साधा निशाना

    कटिहार में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "पाकिस्तान ने 1980 में परमाणु बम बनाना शुरू किया था। जब यह जानकारी सामने आई, तो इजराइल भारत के साथ मिलकर पाकिस्तान पर हमला करना चाहता था, लेकिन 1982 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सेना को कोई कार्रवाई न करने को कहा। नतीजा, आज हम सिरदर्द का सामना कर रहे हैं। अगर पाकिस्तान परमाणु संपन्न देश न होता, तो उसकी क्या कीमत होती? उसे तबाह करके टुकड़े-टुकड़े कर दिया जाता। 1974 में सीआईए द्वारा जारी एक दस्तावेज में लिखा है कि जब हमने परमाणु परीक्षण किया, तो इंदिरा गांधी अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए पाकिस्तान के साथ तकनीक साझा करना चाहती थीं। कांग्रेस सोचती है कि वह जितना ज्यादा 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाएगी, उतने ही ज्यादा मुस्लिम वोट उसे मिलेंगे। मुस्लिम वोटों के लिए देश को गिरवी रखना गांधी परिवार की जिंदगी का आदर्श है। नतीजा, भारत को एक ऐसा पड़ोसी मिला जो कभी सुधर नहीं सकता।"

  • 2:12 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    तेजस्वी-राहुल के लिए जगह नहीं- अमित शाह

    कटिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "उन्होंने (कांग्रेस-राजद) केवल अपने बच्चों के लिए काम किया। लालू यादव चाहते हैं कि उनका बेटा मुख्यमंत्री बने और सोनिया गांधी चाहती हैं कि उनका बेटा प्रधानमंत्री बने। मैं उन दोनों को बताना चाहता हूं कि न तो लालू का बेटा और न ही सोनिया का बेटा मुख्यमंत्री होगा और न ही प्रधानमंत्री। क्योंकि पटना में नीतीश कुमार सीएम की कुर्सी पर हैं और दिल्ली में पीएम मोदी प्रधानमंत्री हैं। किसी के लिए कोई और जगह खाली नहीं है।"

  • 1:47 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    850 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा भव्य सीता मंदिर- अमित शाह

    पूर्णिया के बनमनखी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "सीता माता बिहार की बेटी हैं। सीतामढ़ी में सीता माता का भव्य मंदिर बनना चाहिए या नहीं? दो महीने पहले, नीतीश कुमार और मैंने सीतामढ़ी में एक भव्य सीता माता मंदिर का शिलान्यास किया था। हम सीतामढ़ी में 850 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य सीता मंदिर का निर्माण करेंगे और जैसे ही माता सीता का मंदिर बनेगा, उसी दिन सीता मंदिर और राम मंदिर को जोड़ने के लिए बिहार से अयोध्या के लिए एक वंदे भारत ट्रेन चलेगी। क्या राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव सीता माता का मंदिर बना सकते हैं? वे अपने वोट बैंक से डरते हैं, क्या आप जानते हैं कि उनका वोट बैंक कौन है? लेकिन राहुल बाबा, हम उस वोट बैंक से नहीं डरते। सीता माता का एक भव्य मंदिर बनने वाला है।"

     

  • 12:35 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    पीएम मोदी ने नाम लिए बिना राहुल गांधी पर ली चुटकी

    सीतामढ़ी में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर चुटकी ली। उन्होंने कहा, "बड़े-बड़े लोग भी यहां की मछली देखने आ रहे हैं। पानी में डुबकी लगा रहे हैं। बिहार के चुनाव में डूबने की प्रैक्टिस कर रहे हैं।"

  • 12:06 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    छठी मैया का अपमान करने वालों को सजा मिलनी चाहिए- पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "एक तरफ NDA सरकार अपने तीर्थों का विकास कर रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और RJD के लोग हमारी आस्था का अपमान कर रहे हैं। आपने कांग्रेस के नामदार की बातें सुनी होंगी, उन्होंने छठ पूजा के लिए क्या कहा। छठ महापर्व हमारी बिहार की माताओं-बहनों की तपस्या का एक गौरवपूर्ण पर्व है और कांग्रेस के नामदार कहते हैं कि ये छठ महापर्व तो ड्रामा है, नौटंकी है। ये हमारी माताओं-बहनों, छठ मैया, परंपरा, विरासत और संस्कृति का अपमान है। ऐसा अपमान करने वालों को सजा अवश्य मिलनी चाहिए।"

  • 11:38 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    मां सीता के आशीर्वाद से विकसित बिहार बनेगा- पीएम मोदी

    सीतामढ़ी में चुनावी सभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा, "आज मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आया हूं, आपका आशीर्वाद ले रहा हूं, तो इतने उत्साह से भरे लोगों के बीच वो दिन याद आना स्वाभाविक है। मां सीता के आशीर्वाद से ही बिहार विकसित बिहार बनेगा। ये चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों का भविष्य क्या होगा, आपकी संतानों का भविष्य क्या होगा। इसलिए ये चुनाव बहुत अहम है।"

  • 11:30 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    आरजेडी-कांग्रेस को 65 वोल्ट का झटका लगा- पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने सीतामढ़ी में कहा कि आरजेडी और कांग्रेस को पहले चरण के मतदान में 65 वोल्ट का झटका लगा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विकास को चुना है। बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए। इसलिए एक बार फिर एनडीए को चुना है। पीएम ने कहा, "पहले चरण के मतदान में बिहार ने कमाल कर दिया है। पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। चारों तरफ ये चर्चा है कि बिहार के नौजवानों ने विकास को चुना है, NDA को चुना है। बिहार की बहनों-बेटियों ने भी NDA की रिकॉर्ड विजय पक्की कर दी है।"

  • 11:23 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    बिहार में बदलाव आ रहा- प्रशांत किशोर

    जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "ये स्वयंभू विश्लेषक दावा कर रहे हैं कि उन्हें पता है कि बिहार में क्या होने वाला है, लेकिन किसी ने भी यह अनुमान नहीं लगाया था कि बिहार में देश के राजनीतिक इतिहास में सबसे ज्यादा मतदान होगा। सर्वेक्षणों की संख्या दर्शाती है कि बिहार में बदलाव जरूर आ रहा है। प्रधानमंत्री राजद का डर दिखाकर वोट पाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास कहने के लिए और कुछ नहीं है, लेकिन इस बार स्थिति बदल गई है। अगर आप कह रहे हैं कि जंगल राज वापस नहीं आना चाहिए, तो फिर आपको (एनडीए को) ऐसा क्यों कहना चाहिए? जन सुराज एक नया विकल्प है।"

  • 10:54 AM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार में नहीं है वोट चोरी का मुद्दा: प्रशांत किशोर

    जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा, "बिहार में वोट चोरी का मुद्दा न कभी था, न है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर भाजपा से लड़ रहे हैं... बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। बिहार की जनता जानना चाहती है कि उन्हें बेहतर शिक्षा और रोज़गार कब मिलेगा और राज्य की दुर्दशा कब सुधरेगी। इसका वोट चोरी से क्या लेना-देना? अगर दिल्ली में वोट चोरी का मुद्दा है, तो चुनाव आयोग को घेरिए, सुप्रीम कोर्ट जाइए। इसके लिए बिहार चुनाव को क्यों हाईजैक कर रहे हैं?"

     

  • 10:45 AM (IST) Posted by Amar Deep

    गलती से भी गुंडाराज वापस नहीं लाना चाहते लोग: गुरु प्रकाश

    भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, "...'म' से मतदान, 'म' से महिला कल्याण और 'म' से मोदी-नीतीश की जोड़ी। पूरे बिहार में बंपर वोटिंग हुई है, हर गांव से महिलाएं निकली हैं और महिला सशक्तिकरण के हमारे मॉडल पर मुहर लगाई है। ये एक प्रकार से घोषणा है प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन और नीतीश कुमार के विज़न की और हमें पूरा विश्वास है कि NDA पहले चरण में दो-तिहाई बहुमत की ओर बढ़ रहा है। लोग गलती से भी गुंडाराज को वापस नहीं आने देना चाहते।"

     

  • 10:19 AM (IST) Posted by Amar Deep

    दलितों का विरोध करती है राजद: अश्विनी चौबे

    गोपालगंज में मतदान के बाद दलित परिवार पर हुए हमले पर भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने कहा, "राजद दलितों का विरोध करती है और जब उन्हें वोट नहीं मिलते तो वे उन पर हमला करते हैं। 14 नवंबर के बाद लोग उन्हें सबक सिखाएंगे।"

  • 9:59 AM (IST) Posted by Amar Deep

    ईवीएम के साथ फोटो खिंचवाने पर 4 के खिलाफ केस दर्ज

    बिहार में ईवीएम की तस्वीरें लेने और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मतदान के दौरान ईवीएम की तस्वीरें लेने और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में बिहार में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ये मामले आरा, गोपालगंज और सारण जिलों में दर्ज किए गए हैं। गोपालगंज में दो लोगों के खिलाफ और आरा व सारण में एक-एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

  • 9:35 AM (IST) Posted by Amar Deep

    जनता की आवाज चलेगी, सिस्टम की नहीं: चाणक्य प्रकाश

    बेलहर विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार चाणक्य प्रकाश ने कहा, "हम पूरी ताकत से चुनाव लड़ रहे हैं। सरकार भले ही अपनी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही हो, लेकिन जनता की भावना और समर्थन ऐसा है कि जनता की आवाज़ ही चलेगी, सिस्टम की नहीं।" उन्होंने आगे कहा, "मैं बेलहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहा हूं। चूँकि मेरे पिता जदयू से चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए लोग इस बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन वह एक अलग पार्टी में हैं और मैं दूसरी पार्टी में। मुझे राजद का पूरा समर्थन प्राप्त है और मुझे किसी और पार्टी के समर्थन की जरूरत नहीं है।"

  • 9:17 AM (IST) Posted by Amar Deep

    मधुबनी में जनसभा करेंगे पवन सिंह

     मधुबनी जिले के बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र के कलुआही हाई स्कूल के मैदान में बीजेपी नेता पवन सिंह एनडीए के पक्ष में जनसभा करेंगे।

  • 8:34 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार में पहले चरण में हुई 65.08 फीसदी वोटिंग

    बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल मतदान 65.08% रहा। 6 नवंबर 2025 को बिहार के 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान हुआ था। 2020 के बिहार विधानसभा आम चुनाव में राज्य का औसत मतदान 57.29 प्रतिशत और 2024 के लोकसभा आम चुनाव में 56.28 प्रतिशत रहा था।

  • 8:00 AM (IST) Posted by Amar Deep

    राजद और महागठबंधन को माफ नहीं करेगी जनता: बृजेश पाठक

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "राजद के लोगों ने जिस तरह अपने शासनकाल में बिहार को जंगलराज में तब्दील कर दिया था, उसी तरह वे चुनाव के समय भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बिहार की जनता राजद और महागठबंधन को कभी माफ नहीं करेगी। एनडीए बिहार में भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।"

     

  • 7:35 AM (IST) Posted by Amar Deep

    प्रियंका गांधी की बिहार में जनसभाएं

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांदी आज बिहार के कदवा, बरारी और पूर्णिया में जनसभा को संबोधित करेंगी।

  • 7:13 AM (IST) Posted by Amar Deep

    सीएम योगी की बिहार में जनसभाएं

    यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज बिहार में कई जनसभाओं में भाग लेंगे। वह मोतिहारी, पिपरा और गया जी जिले की अतरी विधानसभा में जनसभाएं करेंगे। 

  • 7:04 AM (IST) Posted by Amar Deep

    NDA के पक्ष में बढ़ा वोट: श्रेयसी सिंह

    जमुई विधान सभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार श्रेयसी सिंह ने कहा, "वोट प्रतिशत जो दिखाई दिया वो निश्चित रूप से NDA के पक्ष में निकले हुए सभी वोटर्स है। जमुई जिले में NDA के पक्ष में माहौल है, गृह मंत्री के सभा में जितनी प्रतिक्रिया मिली वो किसी और सभा में देखने को नहीं मिलता है। पूरा का पूरा सभा स्थल एक नई ऊर्जा के साथ भर गया था। तो निश्चित रूप से गृह मंत्री जो वार्तालाप मंच के माध्यम से सभा के लोगों के साथ कर रहे थे उसकी प्रतिक्रिया सकारात्मक आ रही थी।"

     

  • 6:53 AM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार में आज इन नेताओं का चुनाव प्रचार

    बिहार चुनाव में आज पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और नेता तेजस्वी यादव समेत अन्य प्रमुख नेताओं के द्वारा चुनाव प्रचार किया जाएगा। 

  • 6:52 AM (IST) Posted by Amar Deep

    दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज

    बिहार में पहले चरण का मतदान समाप्त हो गया है। वहीं अब 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होना है, जिसके लिए अब चुनाव प्रचार तेज हो गया है। 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement