Sursand Assembly Election 2025 : सुरसंड विधानसभा सीट सीतामढ़ी जिले के अंतर्गत आती है। सुरसंड विधानसभा सीट पर शुरुआती वर्षों में कांग्रेस का दबदबा रहा। कांग्रेस ने इस सीट पर आठ बार जीत हासिल की। लेकिन बाद के दिनों में जनता दल, जेडीयू, आरजेडी जैसी पार्टियों ने भी इस सीट पर सात बार कब्जा जमाया। फिलहाल इस सीट पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) का कब्जा है। 2020 के चुनाव में जेडीयू के दिलीप कुमार राय ने जीत दर्ज की थी। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को मतगणना होगी।
1951 में यह विधानसभा सीट अस्तित्व में आई और तब से लेकर अबतक 17 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। 2020 में इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,22,038 रजिस्टर्ड वोटर थे, जिनमें से 31,109 अनुसूचित जाति (9.66%), और 72,136 मुस्लिम वोटर (22.40%) थे। 2024 लोकसभा चुनावों तक यह संख्या बढ़कर 3,27,651 हो गई। सुरसंड विधानसभा क्षेत्र में सुरसंड, चोरौत और पुपरी ब्लॉक शामिल हैं।
2020 विधानसभा चुनाव
2020 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से जनता दल यूनाइडेट के दिलीप राय ने जीत दर्ज की। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के सैय्यद अबू दोजाना को 8,876 वोटों से हराया। दिलीप राय को कुल 67.193 वोट हासिल हुए जबकि सैय्यद अबू दोजाना को कुल 58,317 वोट मिले।
2015 विधानसभा चुनाव
2015 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल और जनता दल यूनाइटेड ने मिलकर चुनाव लड़ा था। उस वक्त इस सीट के राष्ट्रीय जनता दल के सैय्यद अबु दोजाना ने जीत हासिल की थी। उन्होंने 23,234 वोटों से निर्दलीय उम्मीदवार अमित कुमार को हराया था। अबु दोजाना को कुल 52, 857 वोट मिले थे जबकि अमित कुमार को कुल 29,623 वोट हासिल हुए।
2010 विधानसभा चुनाव
2010 विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड के शाहिद अली खान ने 1,186 वोटों से जीत दर्ज की थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार जयनंदन प्रसाद यादव को हराया था। शाहिद अली खान को कुल 38,542 वोट हासिल हुए जबकि जयनंदन प्रसाद यादव को कुल 37,356 वोट मिले थे।