1. Hindi News
  2. बिहार
  3. घर से निकाले गए तेज प्रताप के पास कितनी है संपत्ति? जानें कितने पढ़े-लिखे हैं और कितने चल रहे हैं केस

घर से निकाले गए तेज प्रताप के पास कितनी है संपत्ति? जानें कितने पढ़े-लिखे हैं और कितने चल रहे हैं केस

 Published : Oct 16, 2025 07:17 pm IST,  Updated : Oct 16, 2025 07:56 pm IST

लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने गुरुवार को महुआ विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान हलफनामे में तेज प्रताप ने ये भी बताया है कि उनके पास में कितनी संपत्ति है।

Bihar electoion Tej pratap yadav property education- India TV Hindi
तेज प्रताप यादव की संपत्ति की जानकारी सामने आई। Image Source : PTI

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख धीरे-धीरे सामने आ रही है। ऐसे में राजनीतिक दल पूरे दम से अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। गुरुवार को जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। बता दें कि तेज प्रताप को हाल ही में उनके पिता एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाई। नामांकन करते हुए तेज प्रताप ने हलफनामें में अपनी संपत्ति और शिक्षा आदि की जानकारी जारी की है। आइए जानते हैं कि तेज प्रताप ने हलफनामे में क्या-क्या बताया है।

तेज प्रताप यादव द्वारा दाखिल नामांकन हलफनामे (2025) के अनुसार:

कुल संपत्ति

1. चल (Movable) संपत्ति: ₹91,65,629.49

2. अचल (Immovable) संपत्ति: ₹1,96,47,914
कुल संपत्ति: ₹ 2,88,13,543.49 (लगभग ₹2.88 करोड़)

लंबित आपराधिक मामले (Pending Criminal Cases)

तेज प्रताप यादव के खिलाफ 8 आपराधिक मामले लंबित हैं। इन मामलों में भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराएँ शामिल हैं, जैसे: धारा 147, 149, 188, 307, 333, 353, 427, 504 आदि। इसके अलावा SC/ST Act और Epidemic/Disaster Management Act की धाराएं भी शामिल हैं।

अन्य विवरण

कुल देनदारियां (Liabilities): NIL (कोई ऋण या देनदारी नहीं दिखाई गई)

आय (2024–25): ₹22,93,254 (जिसमें से ₹22,67,919 धारा 10(17) के अंतर्गत कर-मुक्त आय है)

कितना पढ़े लिखे हैं तेज प्रताप?

नामांकन करते हुए तेज प्रताप यादव ने जो हलफनामा भरा है उसके मुताबिक, उन्होंने साल 2010 में इंटरमीडिएट पास किया है। उन्होंने साल 2010 में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से राममोहन राय सेमिनरी+2 से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया था।

नामांकन पर क्या बोले तेज प्रताप?

गुरुवार को महुआ सीट से नामांकन दाखिल करने के दौरान तेज प्रताप यादव अपनी दिवंगत दादी की तस्वीर लेकर पहुंचे थे। नामांकन दाखिल करने के बाद तेज प्रताप ने कहा- “मैंने महुआ में बहुत काम किया है। जब मैं यहां से विधायक था, तो मैंने इस क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज की मंजूरी दिलाई थी। अब मैं वादा करता हूं कि अगर जनता मुझे फिर से मौका देती है, तो मैं महुआ में एक इंजीनियरिंग कॉलेज भी मंजूर करवाऊंगा। इसके अलावा मैं क्षेत्र के अन्य विकास कार्य भी जारी रखूंगा। मैंने अपनी दादी के आशीर्वाद से नामांकन दाखिल किया है। मेरे पिता भी चुनाव लड़ते समय ऐसा ही करते थे।” 

महुआ में कब हैं चुनाव?

आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव साल 2020 तक बिहार की महुआ सीट से ही विधायक रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में हसनपुर सीट से चुनाव लड़ा था। महुआ सीट पर आगामी 6 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को जारी होंगे।

ये भी पढे़ें- भाई तेज प्रताप ने किया नामांकन तो बहन रोहिणी आचार्य से रहा नहीं गया, कर दिया कमेंट

लो... चंदा को टिकट मिला, लेकिन अब उनके पति खेसारी लाल यादव लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, जानें क्या हुआ ऐसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।