मुंगेर: बिहार विधानसभा चुनाव की वोटिंग से महज एक दिन पहले ही मुंगेर विधानसभा में बड़ा खेला हो गया है। मुंगेर से जन सुराज के प्रत्याशी संजय सिंह ने पार्टी छोड़कर बीजेपी (NDA) का दामन थाम लिया है। संजय सिंह ने बीजेपी की सदस्यता ले ली है और बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में आ गए हैं। संजय सिंह को बीजेपी प्रत्याशी कुमार प्रणय ने सदस्यता दिलाई है।
Related Stories
बिहार में कब से हैं विधानसभा चुनाव?
बिहार में 2 फेज में विधानसभा चुनाव होने हैं, पहले चरण के लिए 6 नवंबर को और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे।
बिहार में मुख्य रूप से किसके बीच है टक्कर?
बिहार में 243 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। यहां मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है लेकिन प्रशांत किशोर की नई पार्टी जनसुराज भी कांटे की टक्कर में नजर आ रही है। लेकिन मुंगेर में आखिरी समय में जन सुराज के प्रत्याशी का पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होना जन सुराज और प्रशांत किशोर की परेशानी बढ़ा सकता है।
सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू
वैसे तो चुनाव के दौरान नेताओं द्वारा पार्टी बदलना कोई नई बात नहीं है लेकिन वोटिंग से एक दिन पहले प्रत्याशी का अपनी पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में जाना चर्चा का विषय जरूर है। इस मामले की सियासत में भी काफी चर्चा हो रही है क्योंकि प्रशांत किशोर बिहार चुनाव को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं और उन्हीं की पार्टी के प्रत्याशी का आखिरी समय में पार्टी छोड़ना किसी के गले के नीचे नहीं उतर रहा है।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में जन सुराज या प्रशांत किशोर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना ये होगा कि पार्टी इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देती है। (इनपुट: इम्तियाज)