Barauli Assembly constituency: बरौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र बिहार के 243 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यह एक सामान्य श्रेणी की विधानसभा सीट है। यह विधानसभा गोपालगंज जिले में स्थित है औऱ गोपालगंज जिले के 6 विधानसभा सीटों में से एक है। अब क्योंकि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी भी चुनावी मैदान में है। ऐसे में यह चुनाव बेहद दिलचस्प हो सकता है। चलिए आपको इस सीट की गुणा-गणित के बारे में बताते हैं और बताएंगे कि इस सीट पर किस पार्टी का दबदबा है।
पिछले चुनावों में क्या-क्या हुआ?
साल 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में बरौली विधानसभा सीट पर भाजपा के रामप्रवेश राय ने जीत दर्ज की थी। वर्तमान में इस सीट से वही विधायक है। पिछले चुनाव में रामप्रवेश राय को 81956 वोट्स मिले थे। जबकि राजद के रेयाजुल हक दूसरे स्थान पर थे, जिन्हें 67801 वोट्स मिले थे। इसके अलावा साल 2015 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से राजद के मोहम्मद नेमतुल्लाह ने जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरे स्थान पर भाजपा के रामप्रवेश राय थे। राजद उम्मीदवार को 61,690 और भाजपा उम्मीदवार को 61,186 वोट्स मिले थे। वहीं अगर इससे भी पुराने चुनावों की बात करें तो साल 2000 से साल 2010 तक तक इस सीट पर भाजपा के रामप्रवेश राय ने लगातार जीत दर्ज की थी।
जातीय समीकरण और मतदाता
साल 2020 में हुए विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बरौली विधानसभा सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 300044 है। इस विधानसभा सीट पर चुनिंदा जातियों की आबादी अच्छी खासी है। उदाहरण के लिए इस सीट पर मुस्लिम आबादी 66609 है जो कि 22.2 प्रतिशत हैं। इसके अलावा शाह वोटरों की संख्या 28,504 है, यानी 9.5 फीसदी वोटर। इस सीट पर यादव, सिंह, महतो और और चौधरी जाति के वोटरों की संख्या भी अच्छी खासी है। हालांकि पुराने चुनावों के हिसाब से देखें तो इस सीट पर ज्यादातर भाजपा ही चुनाव जीतती आ रही है। हालांकि साल 2015 के चुनाव में राजद ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में देखा जाए तो एक तरह से यह सीट भाजपा का गढ़ है।