1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election Result 2025: बिहार में मतगणना के बीच नेताओं में किसने क्या कहा, यहां देखें सभी के रिएक्शन

Bihar Election Result 2025: बिहार में मतगणना के बीच नेताओं में किसने क्या कहा, यहां देखें सभी के रिएक्शन

 Written By: Adarsh Pandey
 Published : Nov 14, 2025 06:34 am IST,  Updated : Nov 14, 2025 08:47 pm IST

Bihar Election Result 2025: बिहार के 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में वोटिंग हुई थी और आज उनके नतीजे आने वाले हैं। वोटों की गिनती शुरु हो चुकी है। इस खबर में आपको हम यह बताएंगे कि वोटों की गिनती के बीच किस पार्टी के कैन से नेता ने क्या कहा।

Bihar Election 2025 Result- India TV Hindi
वोटों की गिनती के बीच नेताओं के लगातार आ रहे बयान Image Source : ANI & PTI

Bihar Election Result 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के लिए शुक्रवार को दो चरणों में वोटिंग हुई और नके नतीजे सामने आ रहे हैं। इसके लिए वोटों की गिनती भी चल रही है और शाम तक यह साफ भी हो जाएगा कि बिहार की जनता ने किस पार्टी के किस नेता की किस्मत में क्या लिखा है। मगर वोटों की गिनती के बीच जीत को लेकर किस नेता का क्या कहना है, उन्हें अपनी और अपनी पार्टी की जीत पर कितनी भरोसा है, यह सब आज हम आपको बताते रहेंगे। फिलहाल इस समय एनडीए को दो तिहाई बहुमत मिल चुका है। आइए आपको यहां बताते हैं कि किस नेता ने क्या कहा है।

राजद नेता अब्दुल बारी ने क्या कहा 

पार्टी के प्रदर्शन पर राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा, "कल हम साथ बैठेंगे और चर्चा करेंगे कि क्या गलत हुआ, और फिर हम आपको बताएंगे..."  

कांग्रेस विधायक दल के नेता का बयान 

एनडीए की बिहार चुनाव जीत पर कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा, 'हार को शालीनता से स्वीकार किया जाना चाहिए, और यह जनता का जनादेश है, और इसे स्वीकार किया जाना चाहिए... मुझे उम्मीद है कि मौजूदा सरकार, यहां और विधानसभा में, दोनों जगह जीतेगी।' 

परिणाम पर मांझी का बयान 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की बढ़त पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, 'हमें ऐसे नतीजों की उम्मीद थी। नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण के लिए काम किया है... हम 160 से ऊपर कह रहे थे, लेकिन आज परिणाम 200 से ऊपर है। विश्वास है।' 

मुकेश साहनी चुनावी नतीजों पर बोले 

'हम जनता के साथ खड़े रहेंगे ताकि उन्हें धोखा न मिले... अगर उन्होंने समय पर शेष 1 लाख 90 हजार रुपये जारी नहीं किए, तो जिस जनता ने हमें घर बैठाया है, वह उनके साथ भी ऐसा ही करेगी... आधार वोट हमें मिला... लेकिन एक बड़ा वर्ग, खासकर महिलाओं ने, आँख बंद करके नीतीश कुमार को वोट दिया, यही वजह है कि उन्हें इतना बड़ा जनादेश मिला है...।' 

चिराग पासवान ने चुनावी नतीजों पर दी प्रतिक्रिया

 

एनडीए की प्रचंड जीत पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, 'सबसे पहले मैं बिहार की महान जनता को विशेष धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने बिहार को विकास के पथ पर गति देने की सोच के साथ एनडीए को प्रचंड बहुमत देने का ऐतिहासिक फैसला लिया। बिहार और बिहारियों में सही समय पर सही फैसला लेने की बुद्धि और क्षमता है... इस एक जवाब ने कई सवालों पर पूर्ण विराम लगा दिया है। जो लोग सीएम नीतीश कुमार के स्वास्थ्य, एनडीए के पिछले दो दशकों के कार्यकाल, पहले जंगलराज के अस्तित्व, मेरे प्रधानमंत्री बिहार को कितनी प्राथमिकता देते हैं और गठबंधन में मेरी भूमिका पर सवाल उठा रहे थे, इस परिणाम ने इन सभी सवालों का करारा जवाब दिया है... अगर 2020 में पांच दलों का यह एकजुट एनडीए होता, तो यह भी उतना ही शानदार प्रदर्शन करता...।'

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा 

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन सिंह) ने कहा कि, 'जनता ने विकास पर और अगले पांच सालों में इसे बढ़ाने पर मुहर लगाई है। नीतीश कुमार एक शेर हैं। नतीजों ने साफ़ कर दिया है कि एनडीए यह चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रहा था और जनता ने उनके काम की बदौलत उन्हें भारी जनादेश दिया है।'

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया बोले 

बिहार चुनाव परिणामों में एनडीए की बढ़त पर भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, "... बिहार की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को 200 से अधिक सीटों के साथ अपना जनादेश दिया है, जिनका जादू एक बार फिर काम कर गया है।'


बिहार बीजेपी प्रभारी बोले 

बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा, 'अगर आज के नतीजों की जानकारी किसी को थी तो वो निश्चित तौर पर राहुल गांधी को थी। इसीलिए उन्होंने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और वोट चोरी का बहाना बनाया... वोट चोरी मुद्दा ही नहीं है। वोटों को डिलीट कर दिया गया।' 

उपेंद्र कुशवाहा ने दी प्रतिक्रिया 

राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, 'मैं तेजस्वी यादव से कहना चाहता हूं कि अगर उन्हें अगले 10 या 20 साल में सत्ता में आना है, तो उन्हें अपना तरीका बदलना होगा। उन्हें और उनके लोगों के व्यवहार को बदलना होगा... सर उस समय कोई मुद्दा नहीं था।'

दानापुर से भाजपा उम्मीदवार बोले 

भाजपा उम्मीदवार रामकृपाल यादव कहते हैं कि, 'मुझे जिताने के लिए मैं दानापुर के महान मतदाताओं को नमन करता हूं। यह उनकी जीत है, मेरी नहीं। बिहार की जनता ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के एनडीए गठबंधन को बंपर बहुमत दिया है।'

अब तक के नतीजों पर क्या बोले CPI नेता डी राजा

बिहार विधानसभा चुनाव के अब तक के परिणामों पर सीपीआई नेता डी राजा ने कहा, 'बिहार में अपने प्रचार अभियान के दौरान, हमें तेजस्वी और महागठबंधन के लिए भारी जनसमर्थन और समर्थन देखने को मिला। लेकिन अब मतगणना, शुरुआती रुझान कुछ और ही दिखा रहे हैं। तो चलिए मतगणना के अंतिम दौर का इंतज़ार करते हैं। फिर हम ऐसे नतीजों के कारणों का विश्लेषण करेंगे।'

यहां क्लिक करके पढ़ें चुनाव नतीजों के लाइव अपडेट्स

नीतिन गडकरी ने वोटों की गिनती के बीच कही ये बात

केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने वोटों के अभी तक के नतीजों को देखते हुए कहा, 'बिहार की जनता ने NDA को जिस प्रकार से समर्थन दिया है वो बहुत ऐतिहासिक है। जातिवाद के विरोध में और बिहार में डबल इंजन की सरकार के विकास का समर्थन बिहार की जनता ने किया है। बिहार रोड, पानी, बिजली, उद्योग, विकास और रोजगार पर हमारी सरकार ने जो काम किया उसको सफलता मिली है... मैं बिहार की जनता को शुभकामना देता हूं।'

वोटों की जारी गिनती के बीच गोवा CM का आया बयान

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने वोटों की गिनती के बीच कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार का अभिनंदन करता हूं। बिहार में NDA को प्रचंड जीत मिली है, इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है, NDA सरकार को जाता है...मैं बिहार की जनता का आभार व्यक्त करता हूं...उन्होंने विकास के लिए वोट दिया और न कि जाति और धर्म के लिए वोट दिया।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कही ये बात

बिहार की जनता का अभिनंदन। जिस तरह से जात-पात की सीमाओं से ऊपर उठकर उन्होंने वोट दिया है विकास के लिए, ये आशा और विश्वास का वोट है...नीतीश कुमार ने जो काम किया जनता ने इसको देखा है। लालू प्रसाद का जंगलराज उनको याद है उसको भी देखा है... मुझे गर्व है हमारा बिहार विकास का रास्ते पर चलने के लिए खड़ा हुआ है।

अशोक गहलोत ने लगाए गंभीर आरोप

बिहार में जारी वोटों की गिनती और नए अपडेट्स के मुताबिक भाजपा के आगे होने पर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, 'जीत हार की बात तो छोड़ दीजिए आप, अब तो बात कीजिए कि लोकतंत्र खतरे में है। जो हालात हरियाणा के बाद महाराष्ट्र में बने हैं वही हालात यहां बने हैं। एक तरफा जीत, सभी पार्टियां साफ ही हो रही हैं। जिस प्रकार से ये धन बल का प्रयोग करते हैं लोग कल्पना नहीं कर सकते हैं...चुनाव आयोग इनका साथ दे रहा है। अगर निष्पक्ष चुनाव नहीं होते हैं तो वो भी वोट चोरी है... चुनाव चलते हुए 1 करोड़ 35 लाख महिलाओं के खाते में 10 हजार गए। चुनाव आयोग को क्या हो गया है?... राजस्थान में चुनाव की घोषणा के बाद पेंशन मिलना बंद हो गई थी। वहां सब जारी रहा।'

अलीनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने क्या कहा?

अलीनगर सीट से आगे चल रहीं गायिका और भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, 'यह एक सपने जैसा है। लोगों को मुझसे बहुत उम्मीदें हैं...विधायक के रूप में यह मेरा पहला कार्यकाल होगा और मैं अपने क्षेत्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ करूंगी... मैं अपने लोगों की सेवा एक बेटी की तरह करूंगी... मैं अभी केवल अलीनगर को देख सकती हूं और यह देख सकती हूं कि मैं उनके लिए कैसे काम कर सकती हूं।'

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कही ये बात

बिहार में वोटों की गिनती के बीच भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, 'इस जीत का कारण एक मात्र मोदी-नीतीश में बिहार की जनता का विश्वास है। ये जीत है विश्वास की, मोदी नीतीश से आस की, जो बुझी है उस विशेष प्यास की, ये जीत है बिहारियों के अरदास की...एक तरफ बिहार जिंदाबाद और दूसरी तरफ आ गया तेजस्वी का शहाबुद्दीन जिंदाबाद, तो बिहार ने तय कर लिया। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम तो जंगलराज थे, जंगलराज हैं और जंगलराज रहेंगे क्योंकि उन्होंने कहा कि शहाबुद्दीन अमर रहे तो बिहार ने तय कर लिया। बिहार के लिए बिहार, वहां की माताएं-बहनें, युवा जिंदाबाद...बिहार के पांडव कमाल हैं, ये 5 दलों का गठबंधन अद्भुत है।'

वोटों की गिनती के बीच आया कंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बयान

मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, 'ये अप्रत्याशित नहीं है। हमने पहले से ही कहा था। हमने कहा था कि प्रचंड बहुमत से NDA की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे। ये कोई नई बात नहीं हुई। हम उसी दिशा में जा रहे हैं। किसी भी स्थिति में हम 160 से नीचे नहीं आएंगे। हम लोग 160 से ऊपर ही रहेंगे और वो लोग(विपक्ष) 70-80 पर रहेंगे।'

हमें इसे स्वीकार करना होगा- रुझानों पर पप्पू यादव

बिहार के वोटों की गिनती पर आए शुरुआती रुझानों पर मीडिया से बात करते हुए पूर्णिया से निर्दलिय सांसद पप्पू यादव ने कहा, 'जो चल रही है उसे(शुरुआती रुझानों को) स्वीकार करना होगा। यह बिहार के लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा। मैं जनता से कुछ नहीं कह सकता, मैं सिर्फ उनके फैसले का स्वागत करता हूं, लेकिन यह बिहार के लिए दुर्भाग्य है।'

वोटों की गिनती के बीच MP के CM ने कही ये बात

मीडिया से बात करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, 'जो रुझान आ रहा है वो वास्तव में उत्साहवर्धक है....मेरी अपनी ओर बिहार की बढ़ती जीत के प्रति पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा..साथ ही साथ नीतीश कुमार, चिराग पासवान...सहित भाजपा के सभी नेताओं मेरी अपनी ओर से बधाई।'

बिहार की जनता ने अमन, चैन और शांति के लिए वोट दिया है

बिहार में हो रही वोटों की गिनती के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'मैं तो पहले दिन से कह रहा था कि बिहार में 2010 की तरह जीत होगी...आखिर होता क्यों नहीं। एक तरफ लालू यादव, राहुल गांधी, तेजस्वी का नेतृत्व है जो जेल और बेल, भ्रष्टाचार, जगंलराज, लूट, अपहरण और हत्या के प्रतीक है और  बिहार की जनता ने अमन, चैन, शांति के लिए वोट दिया है।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने किसके विजयी होने की की प्रार्थना

न्यूज एंजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, 'जनता ने जिसे वोट दिया है, वही जीतेगा पर भगवान करें राष्ट्रवादी विचारधारा और सनातन सांस्कृतिक विचारधारा के लोग विजयी हों, ऐसी हम भगवान से प्रार्थना करते हैं।'

रुझानों को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री ने क्या?

न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा, 'जो रुझान, जो अनुमान था वो अब परिणाम में बदलने जा रहा है और बिहार की जनता ने जो डबल इंजन की सरकार पर जो विश्वास व्यक्त किया है, ये देश को एक दिशा देगा।ट इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के परिवर्तन की लहर के बयान को लेकर उन्होंने कहा, 'ये दोनों नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक पदों पर बैठे हैं लेकिन संविधान का ज्ञान नहीं, संवैधानिक संस्था का सम्मान नहीं। ये अप्पु और पप्पु बिना सोचे समझे कुछ भी उन्माद फैलाने का, समाजिक सौहार्द तोड़ने का वातावरण बनाते हैं और कुछ भी बयान देते हैं इसलिए कोई उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता।'

शुरुआती रुझानों पर NDA को मिली बढ़त पर क्या बोले भाकपा महासचिव

चुनाव के नतीजों के शुरुआती रुझानों में NDA को बढ़त मिलने पर भाकपा के महासचिव डी.राजा ने कहा, 'अभी पोस्टल बैलेट्स की गिनती हो रही है। मैं समझता हूं कि महागठबंधन और NDA के बीच का अंतर ज़्यादा नहीं है। मुझे उम्मीद है कि महागठबंधन चुनाव जीतेगा क्योंकि अभी EVM के वोटों की गिनती होगी और उम्मीद है कि वहां हम बेहतर करेंगे।'

CM फेस पर अशोक चौधरी ने क्या कहा?

आपको बता दें कि अभी वोटों की गिनती शुरु ही हुई है मगर सुबह से अलग-अलग नेता सरकार और नतीजों को लेकर बयान दे रहे हैं। इसी क्रम में RJD की तरफ से यह सवाल उठाया जा रहा है कि नीतीश कुमार NDA के CM फेस होंगे या फिर नहीं। इस सवाल का जवाब देते हुए बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, 'बिल्कुल नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे।' वहीं टाइगर जिंदा है पोस्टर पर उन्होंने कहा, 'जो लोग नीतीश कुमार को हल्के में ले रहे थे, उन्हें पता चल गया कि नीतीश कुमार क्या हैं।'

भाजपा प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने किया सरकार बनाने का दावा

बिहार में अगली सरकार बनाने को लेकर शहनवाज हुसैन ने कहा, 'नतीजे आने में अब बस चंद वक्त है। साफ दिख रहा है कि हम आने वाले हैं, NDA की सरकार बनने वाली है। जिस तरह सूरज का उगना तय है उसी तरह NDA की सरकार का बनना तय है। इस बार जबरदस्त पोलिंग हुई है और सरकार फिर से बनाने के लिए पोलिंग हुई है। हम लोग बिहार में अपार बहुमत से सरकार बनाएंगे।' उन्होंने तेजस्वी यादव के शपथ ग्रहण के दावे पर कहा, 'ये राजद वाले ऐसे ही डेट बोलते रहते हैं। इनका बस चले तो ये ऐसी बात बोलते रहेंगे। कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। NDA सरकार बनाएगी।'

चुनाव के नतीजों को लेकर तेजस्वी यादव ने किया बड़ा दावा

बिहार में हुए विधानसभा चुनाव के वोटों कि गिनती शुरु हो गई है और शाम तक सभी सीटों के नतीजें साफ हो जाएंगे। उससे पहले मीडिया से बात करते हुए RJD के नेता और महागठबंधन के CM फेस तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा करते हुए कहा, 'हल लोग जीत रहे हैं, बहुत शुभकामनाएं आप सभी को। बदलाव होगा, बदलाव होने जा रहा है। हम सरकार बना रहे हैं।'

नतीजों से पहले राजद MP मनोज झा की बातें सुनी आपने?

राजद सांसद मनोज झा ने चुनाव के नतीजों से पहले न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, 'हम बिहार की उम्मीद और आशा के साथ हैं। बिहार बदलाव की ओर अग्रसर है। दोपहर बाद तक सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। बदलाव तेजस्वी जी के नेतृत्व में और महागठबंधन के साथ।' उन्होंने आगे कहा, 'एग्जिट पोल को तो मैं मानता हूं कि ये कैपिटल का खेल है, बाजार का खेल है और शहन-शाह का खेल है। हम वो खेल नहीं खेलते।'

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने नतीजों से पहले कही ये बात

अभी कुछ ही देर में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने लगेंगे। उससे पहले कई नेता मीडिया से बात करते हुए अपनी बात कह रहे हैं। इस कड़ी में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने ANI से बात करते हुए कहा, 'लोकतंत्र के महापर्व का आज सबसे ऐतिहासिक महत्वपूर्ण दिन है और सभी लोग इस महापर्व के उत्सव में शामिल हो रहे हैं और इसका जो आज परिणाम आएगा वो बिहार के लिए ही नहीं बल्कि देश के लिए भी बड़ा शुभ होगा ...और हर बिहारी आज गौरवान्वित होगा और विकसित बिहार का मजबूत इमारत खड़ा होगा। मैं भी इस पर्व में शामिल होने जा रहा हूं। ये बिहार लोकतंत्र की यात्रा की भूमि है इस धरती से देश को संदेश जाएगा और बिहार एक नजीर पेश करेगा।'

NDA चंद घंटों की मेहमान है- मृत्युंजय तिवारी

बिहार चुनाव के नतीजों से पहले न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, 'मुझे पूरा है विश्वास, हम होंगे कामयाब। जीत निश्चित है महागठबंधन की। आज डबल इंजन की नीतीश सरकार की विदाई है और तेजस्वी सरकार बिहार की जनता ने लाई है। अब अनुमान जो भी लगाए गए हों, परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे। ये मुझे पूरा विश्वास है कि आज जीत होगी बिहार की, आज बिहार की जीत होगी, बिहार की तकदीर और तस्वीर को बदलने के लिए...NDA चंद घंटो की मेहमान है। आज दोपहर बाद ही NDA की विदाई बिहार से तय है।'

JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कही ये बात

आपको बता दें कि बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर JDU के नेता राजीव रंजन प्रसाद ने अपना बयान दिया है। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'जनता ने अपना जनादेश दिया है और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन को वोट दिया है...बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है...मुझे विश्वास है कि एनडीए फिर से बिहार में सरकार बनाएगी।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।