Bihar Bandh Live: बिहार लोक सेवा आयोग के खिलाफ छात्रों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। हाल ही में हुई बीपीएससी की परीक्षा में कथित अनियमितता के आरोप को लेकर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। छात्र परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं लेकिन आयोग ने इससे साफ इनकार कर दिया है। रविवार को छात्रों पर बल प्रयोग और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया है। इस बीच सोमवार को बिहार बंद का ऐलान किया गया है जिसका असर दिखना शुरू भी हो गया है। आइए जानते हैं बिहार बंद से जुड़ी हर अपडेट हमारे इस Live Blog में...
छात्रों का डेलिगेशन चीफ सेक्रेटरी से मिलकर बाहर आया। छात्रों ने कहा- हमें ये भरोसा दिया गया है कि वे लोग पूरे मामले को देखेंगे। नीतीश कुमार के दिल्ली से लौटने पर उनसे मिलवाने के लिए बात करने का आश्वासन भी दिया गया है।
पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव बीपीएससी के मुद्दे पर चीफ़ सेक्रेटरी बिहार अमृतलाल मीणा से दोपहर के 2 बजे मिलेंगे।
राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जिस तरह से कल बीपीएससी अभ्यर्थियों और छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, उसका खामियाजा नीतीश सरकार को भुगतना पड़ेगा। इन उम्मीदवारों के लिए पीके (प्रशांत किशोर) जैसे लोग इस विरोध को हाईजैक करना चाहते हैं, उनके बहकावे में न आएं।
बीपीएससी छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि कि इस डबल इंजन की सरकार ने बीपीएससी अभ्यर्थियों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। जब वे अपनी जायज मांगों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से सरकार से गुहार लगा रहे हैं, उन पर अपराधियों की तरह लाठीचार्ज किया जा रहा है।
माले विधायक शिव प्रकाश रंजन ने कहा की बिहार की सबसे बड़ी सिविल सर्विसेज की परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली की गई। इसी धांधली का विरोध कर छात्रों पर बिहार की सरकार अपनी हठधर्मिता दिखाते हुए परीक्षा रद्द नहीं करना चाहती है। परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर पटना रैली कर रहे छात्रों पर बिहार की सरकार लाठी चार्ज करवाकर अपने मनसूबे को दिखा दिए हैं।
पटना में BPSC छात्रों के आंदोलन के समर्थन में और छात्रों के ऊपर लाठीचार्ज के खिलाफ आरा जंक्शन पर माले कार्यक्रताओं के साथ राजद कार्यकर्ताओं के द्वारा बिहार बंद का समर्थन किया है। इस दौरान दोनो दलों नेताओ ने ट्रेन को रोककर प्रदर्शन किया है। कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को रोककर बिहार सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया है।
प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया है कि उनके हटने के बाद पुलिस का लाठीचार्ज हुआ है। जिन्होंने लाठी चार्ज किया उनको छोड़ा नहीं जायेगा। छात्र खुद वापस जा रहे थे, ट्रैफिक नहीं रुका था, आज हमलोग पुलिस पर FIR करेंगे, कोर्ट में जायेंगे।
वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों पर प्रशांत किशोर ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। उन्होंने कहा- गर्दनी बाग़ में जगह कम थी.. परमिशन का कोई सवाल ही नहीं है, गाँधी मैदान में लोग जाते ही रहते हैं.. कल ये तय हुआ था कि हमलोग पैदल चलेंगे, जहाँ रोका जाएगा, वहां बैठ जाएंगे, गाँधी मैदान में जहाँ रोका गया वहाँ सारे लोग शांति से बैठे थे.. प्रशासन से पहले BPSC के सचिव, फिर CS से मिलने का प्रस्ताव आया।
पटना प्रशासन ने कहा है कि भीड़ ने लाउडस्पीकर तोड़ दिए, दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया और सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित किया। इसलिए प्रशासन ने पानी की बौछारें और बल प्रयोग कर उन्हें हटाया। अनाधिकृत रूप से भीड़ इकट्ठा करने, लोगों को भड़काने और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने के आरोप में जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर समेत 600-700 लोगों के खिलाफ गांधी मैदान थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
पटना प्रशासन ने कहा है कि जन सुराज पार्टी को गांधी प्रतिमा के सामने छात्र संसद आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गई थी। हालाँकि, गांधी प्रतिमा पर भीड़ जमा हो गई और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो गई। भीड़ और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि बीपीएससी अभ्यर्थियों को पुलिस द्वारा पीटा जाना बहुत दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि इस घटना में बहुत से लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। हम इसकी निंदा करते हैं।
कांग्रेस सांसद प्रियका गांधी वाड्रा ने भी बिहार में छात्रों के प्रदर्शन पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में बीजेपी का डबल इंजन युवाओं पर दोहरे अत्याचार का प्रतीक है।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने जनसुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर पर इशारों में हमला किया है। तेजस्वी ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग आंदोलन को हाई जैक करना चाहते हैं। तेजस्वी ने कहा- "कुछ लोग सबसे आगे होने की बात कह रहे थे लेकिन जब पिटाई हो रही थी तो वही भाग खड़े हुए।"
थोड़ी देर में गर्दनी बाग से कुछ छात्र राजभवन पहुंचेंगे जिन्हें राज्यपाल से मिलना है।
पटना में विरोध कर रहे प्रदर्शनकाारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने रविवार को पानी की बौछारें की और हल्का बल भी प्रयोग किया। साथ ही प्रशांत किशोर, उनकी पार्टी के अध्यक्ष समेत 600-700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बिहार बंद के दौरान सोमवार को 11.30 बजे माले की तरफ से पटना में जीपीओ गोलंबर से मार्च निकाला जायेगा।
बिहार के दरभंगा जिले में प्रदर्शनकारियों द्वारा सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन को दरभंगा के लहेरियासराय स्टेशन पर रोक दिया गया है।
30 दिसंबर को छात्र–युवाओं द्वारा आयोजित चक्का जाम को माले ने समर्थन देने का ऐलान किया है। भाकपा – माले 30 दिसंबर को आयोजित होने वाले चक्का जाम का समर्थन करेगी।
सोमवार को बिहार बंद और चक्का जाम का ऐलान किया गया है। साथ ही राजनीतिक दल भी इस चक्का जाम को समर्थन देने लगे हैं।
संपादक की पसंद