1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार बोर्ड में 10वीं का रिजल्ट जारी, बांका की पुष्पांजलि कुमारी बनी टॉपर, नाहिद सुल्ताना को दूसरा स्थान

बिहार बोर्ड में 10वीं का रिजल्ट जारी, बांका की पुष्पांजलि कुमारी बनी टॉपर, नाहिद सुल्ताना को दूसरा स्थान

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 29, 2026 03:57 pm IST,  Updated : Mar 29, 2026 06:21 pm IST

बांका जिले की पुष्पांजलि कुमारी ने सबसे ज्यादा अंक हासिल किए। वहीं, बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना को दूसरा स्थान मिला। पुष्पांजलि बड़ी होकर साइंटिस्ट बनना चाहती हैं।

Poshpanjali kumari topper- India TV Hindi
टॉपर पुष्पांजलि कुमारी Image Source : REPORTER INPUT

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित 10वीं के परीक्षा परिणाम में बांका जिले की पुष्पांजलि कुमारी ने टॉप किया है। सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने 500 में 492 अंक (98.4%)हासिल कर राज्य में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनके साथ वैशाली जिले के चौड़ाही स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय की सबरीन परवीन भी संयुक्त टॉपर रही हैं। पुष्पांजलि की इस सफलता के पीछे उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार का मजबूत सहयोग रहा है। रजौन प्रखंड के गोपालपुर गांव की रहने वाली पुष्पांजलि की इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। परिजनों का कहना है कि पुष्पांजलि ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है।  जैसे ही रिजल्ट की घोषणा हुई, घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।

पुष्पांजलि के पिता लाल मोहन शर्मा रजौन प्रखंड के भवनाथपुर मध्य विद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई की नींव खुद रखी और कक्षा 1 से 5 तक उसे अपने ही विद्यालय में पढ़ाया। इसके बाद बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन के लिए उसे बाहर भेजा गया। उन्होंने कहा कि आज उनकी बेटी ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह उनके लिए गर्व का क्षण है।

मेहनत और पिता के मार्गदर्शन का परिणाम- मां

पुष्पांजलि की मां ने भावुक होकर कहा कि उन्हें शुरू से ही अपनी बेटी पर पूरा विश्वास था। उन्होंने बताया कि पुष्पांजलि बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है और हमेशा मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रही। मां ने कहा कि यह सफलता उसकी लगातार मेहनत और पिता के मार्गदर्शन का परिणाम है। पुष्पांजलि ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया है। उसने कहा कि उसे पढ़ाई के लिए घर में हमेशा सकारात्मक माहौल मिला, जिससे उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उसने बताया कि उसका सपना आगे चलकर एक वैज्ञानिक (साइंटिस्ट) बनने का है और वह देश के लिए कुछ बड़ा करना चाहती है।

गांव के लोगों ने मिठाई बांटी

इस उपलब्धि से पूरे गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और इसे बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। लोगों का कहना है कि पुष्पांजलि की सफलता यह साबित करती है कि अगर मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिले तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना सेकेंड टॉपर रहीं। उनके पिता बेंगलुरु में मस्जिद के इमाम हैं। तीसरे नंबर पर बक्सर की अनूपा कुमारी और बेगूसराय के ओम कुमार रहे हैं। ओम कुमार के पिता दीपक मिश्रा, बरौनी डेरी में मजदूरी करते हैं। वहीं, अनूपा कुमारी बक्सर जिले के धनसोई थाना के काकरिया गांव के निवासी नित्यानंद यादव की पुत्री हैं।

(बांका से दीपक कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

भोजपुरी गाने पर Live आकर 140 की स्पीड में मस्ती कर रहे थे युवक, पोल तोड़ते हुए नदी में समा गई कार; चारों की मौत

सरकार 1 अप्रैल से शुरू करेगी गेहूं की खरीद, 48 घंटे के अंदर मिलेगा पैसा, MSP 2,585 रुपये

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।