1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सरकार 1 अप्रैल से शुरू करेगी गेहूं की खरीद, 48 घंटे के अंदर मिलेगा पैसा, MSP 2,585 रुपये

सरकार 1 अप्रैल से शुरू करेगी गेहूं की खरीद, 48 घंटे के अंदर मिलेगा पैसा, MSP 2,585 रुपये

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 28, 2026 05:53 pm IST,  Updated : Mar 28, 2026 05:53 pm IST

इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये होगा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये ज्यादा है। गेहूं बेचने वाले किसानों को 48 घंटे के अंदर पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जाएगा।

Ram kripal yadav- India TV Hindi
बिहार कृषि मंत्री राम कृपाल यादव Image Source : REPORTER INPUT

बिहार में सरकार 1 अप्रैल से गेहूं की खरीदारी शुरू करेगी। गेहूं की खरीदारी के लिए सहकारिता विभाग ने सभी आवश्यक तैयारी कर ली है। विभाग पैक्सों और व्यापार मंडलों के माध्यम से किसानों से यह खरीदारी करता है। किसानों से गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर की जाएगी। केंद्र सरकार ने रबी विपणन मौसम 2026-27 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। इससे राज्य के गेहूं उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा। इस वर्ष राज्य में गेहूं अधिप्राप्ति का कुल लक्ष्य 0.18 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। 

किसानों को उनके गेहूं का उचित मूल्य मिल सके, इसके लिए सहकारिता विभाग द्वारा किसानों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग की ओर से पिछले दिनों गेहूं की खरीदारी को लेकर राज्य के सभी जिलों में विभिन्न पैक्सों एवं व्यापार मंडलों में निबंधित किसानों के साथ बैठकें भी आयोजित की गई थीं। इन बैठकों में किसानों को अधिप्राप्ति प्रक्रिया, निबंधन, भुगतान व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है।

48 घंटे के अंदर मिलेगा पैसा

गेहूं की खरीद के लिए बीते 21 जनवरी से कृषि विभाग के पोर्टल dbtagriculture.bihar.gov.in पर ऑनलाइन निबंधन शुरू हो गया था। गेहूं बिक्री के बाद किसानों को 48 घंटों के भीतर पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से उनके नामित बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंचायत स्तर पर अवस्थित पैक्स अथवा प्रखंड स्तर पर अवस्थित व्यापार मंडल में गेहूं की बिक्री कर सकते हैं।

किसानों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

किसान गेहूं बेचने से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अपने प्रखंड में पदस्थापित सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अथवा संयुक्त निबंधक के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। गेहूं अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए किसान विभागीय हेल्पलाइन नंबर 0612-2200693 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें-

पटना में तेज आंधी-बारिश से डाक बंगला में पंडाल गिरा, मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए जारी किया अलर्ट

बिहार से बड़ी खबर... नीतीश कुमार 30 मार्च को देंगे विधान परिषद से इस्तीफा, जानें क्यों

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।