1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में लॉकडाउन बढ़ाए जाने का आधिकारिक ऐलान आज, सख्‍ती के साथ मिलेगी कुछ छूट

बिहार में लॉकडाउन बढ़ाए जाने का आधिकारिक ऐलान आज, सख्‍ती के साथ मिलेगी कुछ छूट

 Reported By: Nitish Chandra @NitishIndiatv
 Published : May 23, 2021 01:26 pm IST,  Updated : May 23, 2021 01:26 pm IST

बिहार में आज क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक के बाद लॉकडाउन बढ़ाए जाने के फैसले का आधिकारिक ऐलान हो सकता है। बता दें कि बिहार में अभी 25 मई तक लॉकडाउन जारी है।

बिहार में लॉकडाउन...- India TV Hindi
बिहार में लॉकडाउन बढ़ाए जाने का आधिकारिक ऐलान आज, सख्‍ती के साथ मिलेगी कुछ छूट   Image Source : PTI (REPRESENTATIONAL IMAGE)

पटना: बिहार में आज क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक के बाद लॉकडाउन बढ़ाए जाने के फैसले का आधिकारिक ऐलान हो सकता है। बता दें कि बिहार में अभी 25 मई तक लॉकडाउन जारी है। दरअसल राज्य के मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण ने बिहार में संक्रमण के हालात को लेकर सभी जिलों के डीएम से सुझाव मांगे थे। ज्यादातर जिलों के डीएम ने राज्य सरकार को यह सुझाव दिया कि जून के पहले हफ्ते तक राज्य में लॉकडाउन बढ़ाया जाए। कल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने एक ऑडियो संदेश में भी कहा था कि लॉकडाउन से ही बिहार में कोरोना के मामले काफी नियंत्रित हुए हैं। माना जा रहा है कि आज किसी भी वक्त राज्य सरकार लॉकडाउन बढ़ाये जाने के फैसले का ऐलान कर सकती है।

हालांकि, लॉकडाउन के तीसरे चरण की गाइडलाइन में कई किस्‍म के बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल किराना दुकान, दूध, सब्‍जी और कृषि से जुड़ी कुछ दुकानों को सुबह के वक्‍त केवल चार घंटे के लिए खोलने की अनुमति दी गई है।

वहीं, बिहार में शनिवार को कोविड-19 से 103 लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4439 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस सप्ताह में तीसरी बार ऐसा हुआ है जब राज्य में संक्रमण से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को सबसे ज्यादा 111 लोगों की मौत हुई थी जबकि बुधवार को 104 लोगों की मौत हुई थी। पिछले 10 दिनों में राज्य में करीब 1,000 लोगों की मौत कोरोना वायरस संक्रमण से हुई है।

हालांकि, राज्य में पिछले एक महीने से लागू लॉकडाउन के कारण नए मामलों में कुछ कमी जरूर आयी है। पिछले 24 घंटों में 4375 नये मामले आए हैं जो इस महीने की शुरुआत में आ रहे 10 हजार से ज्यादा नये मामलों के मुकाबले स्थिति में सुधार दर्शाते हैं। राज्य में संक्रमण से स्वस्थ होने की दर 92 प्रतिशत से ज्यादा है और फिलहाल 44,907 मरीजों का उपचार चल रहा है। एक सप्ताह पहले इनकी संख्या एक लाख से ज्यादा थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।