1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: डिप्टी CM का बड़ा आरोप, कहा- शराब माफियाओं से मिला हुआ है लालू यादव का पूरा परिवार

बिहार: डिप्टी CM का बड़ा आरोप, कहा- शराब माफियाओं से मिला हुआ है लालू यादव का पूरा परिवार

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 12, 2025 08:43 pm IST,  Updated : Apr 12, 2025 09:21 pm IST

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू परिवार पर करारा हमला बोला है। सम्राट ने कहा है कि लालू यादव का पूरा परिवार शराब माफियाओं से मिला हुआ है।

Samrat Choudhary- India TV Hindi
सम्राट चौधरी Image Source : ANI

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने RJD नेता तेजस्वी यादव के बयान को लेकर निशाना साधा और कहा, 'टिकट तो वे देते हैं, वह साफ दिखता है। हम लोग जानते हैं कि शराब माफिया को टिकट देने का काम तेजस्वी करते हैं। लालू प्रसाद यादव का परिवार ही पूरी तरह शराब माफियाओं से मिला हुआ है।'

सम्राट ने कहा कि गोपालगंज, सीवान में दिए गए टिकट जैसे कई उदाहरण हैं। सम्राट ने बिहार चुनाव पर भी बयान दिया और कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव होंगे और बिहार में फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनेगी।

 

तेजस्वी यादव ने शराबबंदी को लेकर बिहार सरकार पर साधा था निशाना

दरअसल तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर बिहार सरकार पर निशाना साधा था और शराबबंदी को लेकर कुछ सवाल किए थे। तेजस्वी ने कहा था, 'बिहार पुलिस और बिहार सरकार ने शराबबंदी को अवैध उगाही, तस्करी और भ्रष्टाचार का एक सशक्त उपकरण बना लिया है। शराबबंदी के नाम पर बिहार में 40 हजार करोड़ से अधिक के अवैध कारोबार यानी Black Market अर्थात् काला बाजार की समानांतर अर्थव्यवस्था चल रही है।'

तेजस्वी ने ये भी कहा था, 'शराबबंदी कानून के तहत अब तक 9 लाख 36 हजार 949 मुकदमें दर्ज किए गए हैं। इन मुकदमों में 14 लाख 32 हजार 837 लोगों की गिरफ़्तारियां हुई है। इनमें से लगभग (14 लाख, 20 हजार  700 से अधिक लोग गरीब, दलित, पिछड़े और अतिपिछड़े वर्गों के है यानि 99% से भी अधिक)। बाक़ी बचे 1 प्रतिशत से कम गिरफ़्तार लोगों में गैर दलित, गैर पिछड़ा/गैर अतिपिछड़ा और अन्य राज्यों के लोग हैं।'

तेजस्वी ने कहा था, इस सरकार की हैसियत और औकात नहीं कि ये बिहार में गैर दलित-ग़ैर पिछड़ा/गैर अतिपिछड़ा को शराबबंदी के नाम पर जेल में डाल दें क्योंकि वो सभी सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और धार्मिक रूप से सशक्त और प्रभावशाली है। इनका कानून बस गरीबों पर चलता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।