1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: पिता नाराज लेकिन बेटा खुश! जीतनराम मांझी के बेटे ने कहा- अपने विभागों से संतुष्ट हूं

बिहार: पिता नाराज लेकिन बेटा खुश! जीतनराम मांझी के बेटे ने कहा- अपने विभागों से संतुष्ट हूं

 Published : Feb 06, 2024 11:18 pm IST,  Updated : Feb 06, 2024 11:18 pm IST

बिहार में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक जीतन राम मांझी ने अपने बेटे को दिए गए विभाग पर हालही में नाराजगी जताई थी, लेकिन मांझी के बेटे संतोष सुमन ने कहा है कि मैं अपने विभागों से संतुष्ट हूं।

Santosh Suman - India TV Hindi
संतोष सुमन Image Source : SANTOSHMANJHI_/X

पटना: बिहार की राजनीति हर दिन नया खेल दिखा रही है। हालही में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक जीतन राम मांझी ने अपने बेटे को दिए गए विभाग पर नाराजगी जताई थी, जिससे ये कयास लगाए जा रहे थे कि नई राज्य सरकार में मांझी संतुष्ट नहीं हैं। इस बीच मांझी के बेटे संतोष सुमन का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि वह अपने विभागों से संतुष्ट हैं। 

क्या है पूरा मामला?

बिहार के मंत्री संतोष सुमन ने मंगलवार को राज्य की नई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार में अपने विभाग से पूर्ण संतुष्टि जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक जीतन राम मांझी के संतुष्ट नहीं होने के आरोपों को खारिज कर दिया। 

एससी एवं एसटी कल्याण और सूचना प्रौद्योगिकी विभागों का प्रभार संभालने वाले सुमन ने जीतन राम मांझी के ‘हम’ को मिले केवल एक मंत्री पद से संतुष्ट नहीं होने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही। 

सुमन ने कहा, 'मुझे पूर्ण संतुष्टि है। आप उनसे (जीतन माझी) उनके निजी विचार जान सकते हैं।' हम के चार विधायक हैं। मांझी का दावा है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले 'महागठबंधन' में जाने की स्थिति में उन्हें मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव मिला था। उन्होंने राजग सरकार में अधिक कैबिनेट मंत्री पद और बेहतर विभागों की अपनी मांग की तुलना एक परिवार के सदस्य द्वारा दो रोटी से भूख न मिटने पर तीसरी रोटी मांगने से की है। (इनपुट: भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।