बिहार के मधुबनी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खजौली थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक सड़क के मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के डायवर्सन पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, तालाब में गिरे एक युवक को सुबह बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
मृतक युवक की पहचान छौड़ही बरुआर गांव निवासी कैलाश सदा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अधूरे सड़क निर्माण पर उठे सवाल
इस हादसे के पीछे सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने और डायवर्सन पर बैरिकेडिंग नहीं लगाए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि संबंधित स्थान पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण पहले भी दुर्घटनाएं होती रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर अधूरे सड़क निर्माण और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मधुबनी से राघव मिश्रा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें-