1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में नीतीश कुमार ने फिर खोला पिटारा, 10 लाख महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए गए 10-10 हजार रुपये

बिहार में नीतीश कुमार ने फिर खोला पिटारा, 10 लाख महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए गए 10-10 हजार रुपये

 Published : Nov 28, 2025 08:50 pm IST,  Updated : Nov 28, 2025 08:55 pm IST

बिहार में नीतीश कुमार सरकार ने 'महिला रोजगार योजना’ के तहत ये राशि भेजी है। 10 लाख लाभार्थी महिलाओं के खातों 10-10 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1,000 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।

बिहार के सीएम नीतीश कुमार- India TV Hindi
बिहार के सीएम नीतीश कुमार Image Source : PTI

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 10 लाख लाभार्थी महिलाओं के खातों 10-10 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1,000 करोड़ रुपये भेजे। इससे पहले 1.46 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के खातों में 14,600 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक कुल 1.56 करोड़ महिलाओं को 15,600 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। 

महिलाओं का सीएम नीतीश कुमार ने किया आभार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1, अणे मार्ग पर स्थित अपने आवास से वीडियो कांफ्रेंस से जुड़ीं सभी महिला लाभार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार के लोगों ने विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को भारी बहुमत देकर राज्य की सेवा का एक और अवसर दिया है। उन्होंने महिलाओं समेत सभी प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 

बड़ी संख्या में महिलाओं ने शुरू किया अपना रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘महिला रोजगार योजना’ के तहत आज 10 लाख महिलाओं को उनकी पसंद के रोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की राशि भेजी गई है। इससे पहले 1.46 करोड़ महिलाओं को यह सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस योजना की सहायता से बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपना रोजगार शुरू किया है। 

महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता

नीतीश कुमार ने कहा कि जो लाभार्थी अपना काम अच्छी तरह करेंगी, उन्हें भविष्य में दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी महीने तक शेष सभी परिवारों की महिलाओं को भी सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शुरू से ही महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। 

सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही सरकार- नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री ने कहा, 'मुझे विश्वास है कि 10,000 रुपये की यह सहायता राशि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगी। इससे न केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि राज्य के विकास को भी गति मिलेगी।' उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों का आत्मविश्वास देखकर उन्हें प्रसन्नता होती है। कुमार ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।