बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक नाबालिग दलित लड़की से बलात्कार और हत्या की दर्दनाक वारदात सामने आई है। इस मामले में प्रशासन पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। दरअसल, महिला आयोग ने कहा है कि बलात्कार पीड़िता को बिना किसी इलाज की सुविधा के चार घंटे से ज्यादा समय तक एंबुलेंस में इंतजार करवाया गया था। महिला आयोग की अध्यक्ष ने इस घटना की घोर निंदा की है। वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार और कानून व्यवस्था पर आरोप लगाए हैं।
अब तक मामले में क्या कार्रवाई हुई?
पुलिस ने बताया है कि रेप की ये घटना बीते 27 मई को सामने आई थी। मुजफ्फरपुर जिले के एसएसपी सुशील कुमार के मुताबिक, रेप और हत्या का आरोपी पड़ोस के गांव में रहता था और पीड़िता को जानता भी था। वह मछली विक्रेता था और अक्सर उधर आता-जाता था। आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसके साथ बलात्कार किया। एसएसपी ने बताया- "पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की है और सभी नमूने एकत्र किए हैं। कपड़ों से भी नमूने एकत्र किए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए एफएसएल को भेज दिया है। हम 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करेंगे। इसे स्पीडी ट्रायल के तहत लाया जाएगा, ताकि हम आगे की जो भी कार्रवाई आवश्यक हो, कर सकें।"
क्यों भड़क उठा महिला आयोग?
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने नाबालिग दलित बलात्कार पीड़िता की दुखद मौत का स्वतः संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले में घोर लापरवाही और व्यवस्थागत विफलताओं की कड़ी निंदा की है। महिला आयोग की अध्यक्ष ने बिहार के मुख्य सचिव और डीजीपी को इस पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने इस मामले में हुई चूक में अस्पताल अधिकारियों और पुलिस की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने मांग की है कि अपने काम में लापरवाही बरतने के दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। महिला आयोग ने इस घटना को लेकर तीन दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
तेजस्वी यादव ने साधा सरकार पर निशाना
मुजफ्फरपुर में नाबालिग लड़की के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार और पुलिस पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा है कि बिहार में डबल इंजन की सरकार फेल हो गई है। मुझे नहीं पता है कि मुख्यमंत्री को घटनाओं की जानकारी भी है या नहीं। तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और आपराधिक बोलबाला है। तेजस्वी ने कहा कि पूरे बिहार में प्रशासनिक अराजकता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सीएम और दोनों डिप्टी सीएम राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त हैं और पीड़ित परिवार से मिलने के लिए किसी के पास समय नहीं है।
ये भी पढ़ें- बेगूसराय में शराब तस्करी करा रहे थे पुलिसकर्मी, बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 पुलिसवाले समेत 7 लोग अरेस्ट
VIDEO: शादी के एक हफ्ते बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, परिजनों ने लड़के के घर पर किया हमला