1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar News: जहरीली शराब ने ले ली 9 लोगों की जान, 17 ने गंवाई आंखों की रोशनी

Bihar News: जहरीली शराब ने ले ली 9 लोगों की जान, 17 ने गंवाई आंखों की रोशनी

 Published : Aug 05, 2022 02:36 pm IST,  Updated : Aug 05, 2022 02:36 pm IST

Bihar News: बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब कांड से शुक्रवार को मरने वालों की संख्या 9 पहुंच गई और 17 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई। पीड़ित सारण जिले के मकेर और भेलडी थाना क्षेत्र के गांवों के रहने वाले हैं। अधिकांश पीड़ितों ने धानुका टोली गांव से नकली शराब खरीदी थी।

 poisonous liquor- India TV Hindi
poisonous liquor Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • जहरीली शराब ने ले ली 9 लोगों की जान
  • 17 ने गंवाई आंखों की रोशनी
  • बिहार के सारण जिले की है घटना

Bihar News: बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब कांड से शुक्रवार को मरने वालों की संख्या 9 पहुंच गई और 17 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई। पीड़ित सारण जिले के मकेर और भेलडी थाना क्षेत्र के गांवों के रहने वाले हैं। अधिकांश पीड़ितों ने धानुका टोली गांव से नकली शराब खरीदी थी। इसके बाद बुधवार की रात उन्होंने अलग-अलग जगहों पर शराब का सेवन किया और उसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। गुरुवार सुबह 35 वर्षीय चंदन कुमार और 60 वर्षीय कमल महतो नाम के दो लोगों की मौत हो गई।

17 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई

सारण के जिलाधिकारी राजेश मीणा ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उन्होंने नकली शराब का सेवन किया था। अन्य मृतकों की पहचान ओम नाथ महतो, चंदेश्वर महतो, सकलदीप महतो, धनीराम महतो, राजनाथ महतो और दो अन्य के रूप में हुई है। गुरुवार दोपहर से शुक्रवार की सुबह के बीच इनकी मौत हो गई। क्षेत्र में जहरीली शराब की घटना की सूचना मिलते ही मकेर, भेलडी व अमनौर के एसएचओ व अंचल अधिकारी फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ पीड़ितों के घर पहुंचे।

उन्होंने नमूने एकत्र किए और मृतक और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों के परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए। गंभीर रूप से बीमार लोगों को सदर अस्पताल छपरा और पीएमसीएच पटना में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कहा कि, 17 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है और वे अस्पतालों में भी जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। बिहार में शराबबंदी है, वहां अप्रैल 2016 से शराब पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

हाली ही में नकली शराब की वजह से गुजरात में 40 लोगों ने गंवाई थी जान

गुजरात के बोटाद जिले में ज़हरीली शराब पीने से 40 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मृतकों में से 31 बोटाद के विभिन्न गांवों के निवासी थे जबकि नौ अहमदाबाद जिले के धंधुका तालुका के मूल निवासी थे। उन्होंने कहा कि भावनगर, बोटाद और अहमदाबाद के अस्पतालों में अब भी करीब 50 लोग भर्ती हैं। बोटाद और अहमदाबाद पुलिस ने मंगलवार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या), 328 (ज़हर से चोट पहुंचाना) और 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत लगभग 20 लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की। मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।