1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar News: इस्तीफा देने के बाद भी पूर्व मंत्री आरसीपी सिंह ने JDU पर बोला हमला, कम विधायक रहने के बाद भी आज कौन सत्ता भोग रहा है?

Bihar News: इस्तीफा देने के बाद भी पूर्व मंत्री आरसीपी सिंह ने JDU पर बोला हमला, कम विधायक रहने के बाद भी आज कौन सत्ता भोग रहा है?

 Published : Aug 08, 2022 08:02 am IST,  Updated : Aug 08, 2022 08:02 am IST

Bihar News: आरसीपी सिंह बीजेपी का दामन थामने या खुद की पार्टी बनाने पर मंथन कर रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक कार्यकर्ता ने कहा कि साहब की राजनीतिक पारी लंबी है। धैर्य रखें। बिहार में बहुत बड़ा राजनीतिक उथल-पुथल होने वाला है।

Former Minister Ramchandra Prasad Singh- India TV Hindi
Former Minister Ramchandra Prasad Singh Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • "सीएम के कहने पर ही ली थी मंत्री पद की शपथ"
  • "पानी में जहाज दौड़ता नहीं है, वह चलता है"
  • "कुछ झोला ढोने वालों के कारण आज JDU की ऐसी स्थिति"

Bihar News: इस्तीफा देने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह (RCP Singh) रविवार को भी JDU नेताओं पर हमला किया। उन्होंने मीडिया से कहा कि आज जो लोग मुझ पर आरोप लगा रहे हैं, वह बताएं कि कभी कार्यकर्ताओं के बीच में गए हैं? ललन के चिराग माडल वाले बयान पर आरसीपी ने कहा कि ये कौन कहता है? वह, जिसने खुद पार्टी से बाहर के लोगों को लाकर टिकट दिया था। उन्‍होंने यह भी कहा, कि‍ वे अपनी मर्जी से केंद्र में मंत्री नहीं बने थे। सीएम नीतीश कुमार के कहने पर ही उन्‍होंने मंत्री पद की शपथ ली थी। 

"कुछ झोला ढोने वालों के कारण आज जदयू की ऐसी स्थिति"

नीतीश की कृपा पर मंत्री बनने के आरोप पर आरसीपी ने जवाब दिया कि लोग कहते हैं कि आरसीपी नीतीश की कृपा से मंत्री बने। मैं पूछता हूं कि फिर आपको किसने सीएम बनाया? अटल जी और आडवाणी जी ने! कम विधायक रहने के बाद भी आज कौन सत्ता भोग रहा है? राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ललन सिंह के यह कहने पर क‍ि जदयू दौड़ता हुआ जहाज है, आरसीपी ने तंज कसते हुए कहा कि उपमा भी तो सही दें। पानी में जहाज दौड़ता नहीं है, वह चलता है। ललन सिंह पहले जरा अंतर समझ लें, तब बोलें। कुछ झोला ढोने वालों के कारण आज जदयू की ऐसी स्थिति हो गई है। 

कई नेताओं ने पहले ही किया किनारा 

आरसीपी सिंह बीजेपी का दामन थामने या खुद की पार्टी बनाने पर मंथन कर रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक कार्यकर्ता ने कहा कि साहेब की राजनीतिक पारी लंबी है। धैर्य रखें। बिहार में बहुत बड़ा राजनीतिक उथल-पुथल होने वाला है। मुस्तफापुर में कार्यकर्ता भी कुछ बोलने से इन्कार कर रहे हैं। कुछ कार्यकर्ता तो अपने भविष्य को लेकर भी चिंतित दिखे। आरसीपी को आदर्श मान उनके आगे-पीछे घूमने वाले कई नेताओं ने पहले ही किनारा कर लिया है। शायद उन्हें इस बात का आभास पहले ही हो चुका था कि जो नीतीश के खिलाफ जाएगा, उसकी खैर नहीं। 

आरसीपी सिंह ने दिया था इस्तीफा

हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह (RCP Singh) ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आरसीपी सिंह को जदयू का सेकेंड मैन कहा जाता था। आरसीपी सिंह पर जदयू ने ही भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। भ्रष्टाचार के आरोप के बीच उन्होंने ये कदम उठाया है। वे जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सिंह ने आज अपने गांव मुस्तफापुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जेडीयू छोड़ने का ऐलान किया और अपनी पार्टी बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सात जन्मों में भी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।