बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में एक महिला की छत से गिरकर मौत हो हई। ये घटना 8 अक्टूबर 2026 शाम के वक्त की है। मृतका की पहचान मंजू देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। महिला के गिरने की घटना CCTV टीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला को छत से नीचे गिरते हुए साफ देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि मंजू देवी अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी एक बेटी है, जो समय-समय पर उनसे मिलने के लिए घर आती-जाती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला घर की छत पर कपड़े फैलाने के लिए अक्सर जाती थी। गुरुवार की शाम भी वह छत पर गई थीं। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
CCTV में कैद हुई महिला की मौत की घटना
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज को भी खंगाला है। सामने आए फुटेज में महिला के छत से गिरने की घटना दिखाई दे रही है। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं कर रही है।
दुर्घटना या हत्या, चांज में जुटी पुलिस
फुलवारी शरीफ में सहायक पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि एक महिला की छत से गिरने से मौत हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। CCTV फुटेज की जांच की गई है, जिसमें महिला के गिरने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस महिला के मोबाइल नंबर की भी जांच करेगी। घटना के समय महिला किससे संपर्क में थीं और उनके मोबाइल पर हाल के समय में किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसकी जानकारी भी जांच का हिस्सा होगी। इसके अलावा जिस छत से महिला गिरी, उसकी ऊंचाई, छत की स्थिति और वह किस स्थान से नीचे गिरीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार फिलहाल महिला की मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। CCTV फुटेज, FSL की जांच, मोबाइल फोन से संबंधित जानकारी और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत महज दुर्घटना थी या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी।
इनपुट: बिट्टू कुमार, पटना