1. Hindi News
  2. बिहार
  3. रोहतास में बेखौफ बदमाशों का तांडव! स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे 15 वर्षीय छात्र को मारी गोली, आरा में चल रहा इलाज

रोहतास में बेखौफ बदमाशों का तांडव! स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे 15 वर्षीय छात्र को मारी गोली, आरा में चल रहा इलाज

 Published : Oct 09, 2026 05:46 pm IST,  Updated : Oct 09, 2026 05:51 pm IST

बिहार के रोहतास जिले से बेखौफ अपराधियों के बढ़ते हौसलों की एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक वारदात सामने आई है। जिले में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े तांडव मचाते हुए स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे एक 15 वर्षीय मासूम छात्र को गोली मार दी।

स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे 15 वर्षीय छात्र को मारी गोली- India TV Hindi
स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे 15 वर्षीय छात्र को मारी गोली Image Source : INDIA TV

बिहार के रोहतास जिले में शुक्रवार की सुबह गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। कछवा थाना क्षेत्र के कैथी गांव के जागु टोला स्थित बस स्टैंड के पास स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे 15 वर्षीय छात्र को बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर से 800 मीटर दूर हुई घटना

घायल छात्र की पहचान रोहतास जिले के कछवा थाना क्षेत्र के कैथी गांव निवासी दिनेश सिंह के 15 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। आशीष औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित ज्ञान गंगा इंटर स्कूल में पढ़ाई करता है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 5:55 बजे आशीष अपने घर से लगभग 800 मीटर दूर जागु टोला बस स्टैंड के पास स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने छात्र को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की और फिर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी हलचल तेज हो गई। वहीं, गोली लगने से घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

आरा के मेडिकॉन हॉस्पिटल में चल रहा इलाज 
घटना में घायल आशीष कुमार को बेहतर उपचार के लिए आरा शहर के महावीर टोला स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहां जनरल सर्जन डॉ. सौरभ प्रिंस की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के परिजन परेशान हैं और उसके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। हालांकि, पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल छात्र खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

तीन राउंड गोली चलने की सूचना, एक गोली छात्र को लगी 
इस मामले में बिक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि गोलीबारी की घटना की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर तीन राउंड गोली चलाई गई, जिनमें से एक गोली छात्र को लगी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल घायल छात्र खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच 
कैथी गांव के जागु टोला बस स्टैंड के पास हुई इस गोलीबारी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल जाने के लिए घर से निकले एक नाबालिग छात्र पर इस तरह गोली चलाए जाने से स्थानीय लोगों में चिंता है। फिलहाल घायल छात्र का आरा के मेडिकॉन हॉस्पिटल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। 

(Report: RANJAN SINGH)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।